Jaunpur news विश्वविद्यालय में रोजगार-योग्यता कौशल प्रशिक्षण शुरू
इन्द्रजीत सिंह मौर्य की रिपोर्ट
विश्वविद्यालय में रोजगार-योग्यता कौशल प्रशिक्षण शुरू
जौनपुर। पूर्वांचल विश्वविद्यालय के केंद्रीय प्रशिक्षण एवं नियोजन प्रकोष्ठ द्वारा नांदी फाउंडेशन एवं महिंद्रा प्राइड क्लासरुम के संयुक्त तत्वावधान व राष्ट्रीय कौशल विकास निगम के सहयोग से विश्वविद्यालय परिसर में अध्ययनरत छात्राओं हेतु “रोजगार-योग्यता संवर्धन कौशल” विषय पर एक सप्ताह का व्यावहारिक प्रशिक्षण कार्यक्रम बुधवार को प्रारंभ हुआ।
प्रशिक्षण हेतु राष्ट्रीय कौशल विकास निगम द्वारा नामित प्रशिक्षक हिना मिश्रा, रोहित द्वारा अंग्रेज़ी बोलचाल, संप्रेषण कौशल, वित्तीय साक्षरता, डिजिटल जागरूकता तथा साक्षात्कार कौशल जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया जाएगा। कार्यक्रम का उद्देश्य छात्राओं को रोजगार की वर्तमान आवश्यकताओं के अनुरूप आवश्यक कौशल प्रदान कर उन्हें रोजगार हेतु योग्य बनाना है।
प्रथम दिवस छात्राओं का ऑनलाइन पंजीकरण कराया गया तथा उन्हें कार्यक्रम की रूपरेखा बताई गई। साथ ही साक्षात्कार अभ्यास भी कराया गया। विभिन्न विभागों की छात्राओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की और कार्यक्रम को ज्ञानवर्धक व करियर निर्माण हेतु उपयोगी बताया। समापन पर प्रतिभागी छात्राओं को प्रमाण-पत्र प्रदान किए जाएंगे।
इस अवसर पर उप समन्वयक सुशील कुमार ने अतिथियों का स्वागत किया । धन्यवाद ज्ञापन डॉ. नितेश जायसवाल ने किया। कार्यक्रम में उप समन्वयक विशाल यादव, छात्र स्वयंसेवक सूर्यांशु मिश्रा, शिवम यादव, विनीत सिंह, आरती यादव, ब्यूटी मौर्या, सत्य प्रकाश मिश्रा सहित छात्राएं उपस्थित रहीं।
