Jaunpur news शार्ट सर्किट से लगी आग में कई रिहायशी मड़हे जलकर राख
शार्ट सर्किट से लगी आग में कई रिहायशी मड़हे जलकर राख
धर्मापुर के निषाद बस्ती में हुई घटना
गौराबादशाहपुर, जौनपुर।
गौराबादशाहपुर थाना क्षेत्र के धर्मापुर स्थित निषाद बस्ती में मंगलवार को बिजली के शार्ट सर्किट से लगी आग ने तीन परिवारों की पूरी गृहस्थी उजाड़ दी। दोपहर के समय अचानक मड़हे से उठी आग की लपटों ने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया और आसपास के अन्य मड़हों को भी अपनी चपेट में ले लिया। इस अग्निकांड में सीता निषाद के मड़हे में रखे कपड़े, कीमती जेवरात, बिस्तर, अनाज और कुछ नकद रुपये जलकर राख हो गए। वहीं कैलाश निषाद का भी बिस्तर, चावल, गेहूं और पशुओं के लिए रखा भारी मात्रा में भूसा जलकर खाक हो गया। फौजदार निषाद की गृहस्थी का भी हजारों रुपये का सामान आग की भेंट चढ़ गया। आग की लपटें देख मौके पर भारी संख्या में ग्रामीण जमा हो गए और निजी संसाधनों से आग पर काबू पाने का प्रयास शुरू किया। सूचना मिलने पर जब तक फायर ब्रिगेड की गाड़ी मौके पर पहुँचती, तब तक ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया था। लेकिन तब तक पीड़ितों का सब कुछ जलकर स्वाहा हो चुका था। घटना की जानकारी मिलते ही राजस्व विभाग की टीम ने मौके पर पहुँचकर हुए नुकसान का जायजा लिया और क्षति का आकलन कर रिपोर्ट तैयार की है। ताकि पीड़ित परिवारों को उचित सरकारी सहायता प्रदान की जा सके।
