Jaunpur news जमीनी रंजिश में नाबालिग पर चाकू से हमला, हालत गंभीर — बीएचयू रेफर

Share

इशरत हुसैन की रिपोर्ट
जौनपुर में जमीनी रंजिश में नाबालिग पर चाकू से हमला, हालत गंभीर — बीएचयू रेफर
जौनपुर जिले के मछलीशहर कोतवाली क्षेत्र स्थित थलोई गांव में जमीन विवाद ने हिंसक रूप ले लिया, जहां पड़ोसी द्वारा एक नाबालिग लड़के पर चाकू से हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया गया। वारदात मंगलवार शाम करीब छह बजे की बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार, परिवार का पड़ोसियों से लंबे समय से जमीन को लेकर विवाद चल रहा था। इसी रंजिश में घात लगाए हमलावरों ने रास्ते में लड़के को रोककर उस पर ताबड़तोड़ चाकू से वार कर दिए। हमले में एक वार गले में आर-पार हो गया जबकि दूसरा सीने में लगा, जिससे वह मौके पर ही गिर पड़ा।
घायल की चीख सुनकर परिजन मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक हमलावर फरार हो चुके थे। परिजनों ने तुरंत उसे मछलीशहर स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां हालत गंभीर देख डॉक्टरों ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया। जिला अस्पताल में भी स्थिति नाजुक रहने पर बेहतर इलाज के लिए उसे बनारस हिंदू विश्वविद्यालय के ट्रॉमा सेंटर भेज दिया गया।
समाचार लिखे जाने तक घायल की हालत अत्यंत गंभीर बताई जा रही थी। पुलिस मामले की जांच में जुटी है और हमलावरों की तलाश की जा रही है।

About Author