February 16, 2026

Jaunpur news SPEL कार्यक्रम के तहत छात्रों ने देखा पुलिस का कामकाज, बक्शा थाने में कराया गया प्रशिक्षण व संवाद

Share

SPEL कार्यक्रम के तहत छात्रों ने देखा पुलिस का कामकाज, बक्शा थाने में कराया गया प्रशिक्षण व संवाद

जौनपुर। युवाओं को पुलिस व्यवस्था से जोड़ने और कानून व्यवस्था की समझ विकसित करने के उद्देश्य से छात्र पुलिस अनुभवात्मक शिक्षा (SPEL) कार्यक्रम के तहत सोमवार को जिले के विभिन्न महाविद्यालयों के छात्र-छात्राओं का थाना बक्शा भ्रमण कराया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने पुलिस की कार्यप्रणाली को नजदीक से जाना और सुरक्षा संबंधी महत्वपूर्ण जानकारियां प्राप्त कीं।
भारत सरकार के युवा कार्यक्रम से जुड़े इस अभियान का आयोजन वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कुँवर अनुपम सिंह के निर्देशन तथा सहायक पुलिस अधीक्षक व नोडल अधिकारी गोल्डी गुप्ता के नेतृत्व में किया गया। कार्यक्रम में वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय से नामित स्वयंसेवकों सहित जिले के पांच प्रमुख पीजी कॉलेजों के छात्र शामिल हुए।
भ्रमण के दौरान थानाध्यक्ष बक्शा विक्रम लक्ष्मण सिंह और उपनिरीक्षक परमानंद त्रिपाठी ने विद्यार्थियों को एफआईआर दर्ज कराने की प्रक्रिया, हेल्पलाइन नंबर, साइबर अपराध से बचाव, कानून व्यवस्था और पुलिस सहायता लेने के तरीकों के बारे में विस्तार से बताया। साथ ही पुलिस-पब्लिक सहयोग की जरूरत पर भी जोर दिया गया।
कार्यक्रम में विद्यार्थियों को वृद्धाश्रम, अनाथालय, महिला आश्रय गृह, किशोर गृह तथा नशा उन्मूलन केंद्रों से जुड़े सामाजिक सरोकारों के प्रति भी जागरूक किया गया। “मिशन शक्ति” के तहत छात्राओं को अपनी सुरक्षा के प्रति सतर्क रहने और किसी भी आपात स्थिति में तुरंत पुलिस से संपर्क करने की सलाह दी गई।
आयोजकों ने बताया कि इस पहल का उद्देश्य युवाओं में सामाजिक जिम्मेदारी, अनुशासन, नेतृत्व क्षमता और कानून के प्रति सम्मान की भावना विकसित करना है, ताकि समाज और पुलिस के बीच बेहतर तालमेल स्थापित हो सके।
इस मौके पर डॉ. प्रतीक रघुवंशी, मनोज कुमार यादव, अभिषेक कुमार कौशिक सहित पुलिस विभाग के अधिकारी-कर्मचारी और शिक्षकगण उपस्थित रहे।

About Author