February 16, 2026

Jaunpur news सोख्ता गड्ढे में डूबा 5 साल का मासूम, रातभर खोज के बाद सुबह मिला शव — गांव में पसरा मातम

Share


सोख्ता गड्ढे में डूबा 5 साल का मासूम, रातभर खोज के बाद सुबह मिला शव — गांव में पसरा मातम
जौनपुर, जौनपुर। जिले के रामपुर थाना क्षेत्र के जदईपुर गोरा पट्टी गांव में सोमवार सुबह एक दर्दनाक हादसे ने पूरे गांव को शोक में डुबो दिया। घर से लापता हुए 5 वर्षीय बच्चे का शव घर से कुछ दूरी पर बने पानी भरे सोख्ता गड्ढे में मिलने से परिवार में कोहराम मच गया।
जानकारी के मुताबिक मुख्तार शाह का पुत्र सूफियान रविवार शाम करीब छह बजे अचानक घर से गायब हो गया था। परिजनों ने देर शाम तक रिश्तेदारों और आसपास के इलाकों में काफी तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं लगा। इसके बाद पुलिस हेल्पलाइन 112 पर सूचना दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों के साथ रातभर खोजबीन कराई, मगर बच्चे का पता नहीं चल सका।
सोमवार सुबह दोबारा तलाश शुरू की गई तो घर से लगभग 100 मीटर दूर एक पानी से भरे सोख्ता गड्ढे में बच्चे का शव तैरता मिला। बताया जा रहा है कि गड्ढे में चार से पांच फीट तक पानी भरा था, जिससे आशंका जताई जा रही है कि खेलते समय बच्चा उसमें गिर गया और डूबने से उसकी मौत हो गई।
सूचना पर पहुंची रामपुर थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई पूरी करते हुए पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस के अनुसार प्रथम दृष्टया मामला दुर्घटना का प्रतीत हो रहा है, हालांकि मौत का सही कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होगा।
घटना के बाद परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं पूरे गांव में शोक का माहौल है। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि गांवों में खुले और खतरनाक गड्ढों को तत्काल भरवाकर सुरक्षित कराया जाए, ताकि भविष्य में ऐसी दुखद घटनाएं न हों।

About Author