Jaunpur news भैंस चोरी की घटना में सुलह समझौता कराने में जुटी पुरानी बाजार चौकी की पुलिस
भैंस चोरी की घटना में सुलह समझौता कराने में जुटी पुरानी बाजार चौकी की पुलिस
जौनपुर। कोतवाली थाना क्षेत्र पुरानी बाजार चौकी के मुफ्ती मोहल्ला से भैंस चोरी करके ले जा रहे युवक को लोगों ने पकड़ कर पुलिस के हवाले कर दिया है। जबकि तीन दिन पूर्व पकड़ा गया व्यक्ति एक और भैंस चुराकर ले जाने में सफल हो गया था। सूत्रों के हवाले से बताया गया है कि मुफ्ती मोहल्ला निवासी मो खालिद भैंस पाल कर दूध का कारोबार करता है। तीन दिन पूर्व उसकी एक भैंस रात में चोरी चली गई जिसे ढूंढने के लिए उसका पूरा परिवार दर दर भटक रहा था। मंगलवार जहां पूरा पुलिस प्रशासन मूर्ति विसर्जन कराने में जुटा हुआ था वहीं गौराबादशाहपुर थाना क्षेत्र के ग्राम सेवई नाला निवासी एक युवक उसकी भैंस आधी रात के बाद खोलकर ले जा रहा था कि उसी समय खालिद का पुत्र मेला देखकर घर वापस जा रहा था तो देखा कि उसकी भैंस एक अंजान युवक ले जा रहा है। उसने उस युवक को पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया। पकड़े गये युवक से पूछे जाने पर वह पहले एक भैंस चोरी करके ले जाने की बात को स्वीकार किया है। कुछ लोगों ने पकड़े गये युवक के घर जाकर भैंस को देखकर पहचान किया जिसे देने में पकड़े गये युवक के घर वाले आनाकानी करने लगें। दूसरी तरफ पुरानी बाजार चौकी की पुलिस मामले की लीपापोती करने की नियत से दोनों पक्षों को बैठाकर सुलह समझौता कराने में जुटी हुई है। अब सवाल इस बात का उठता है कि पहले तो पुलिस चोरों को पकड़ नहीं पा रही है और किसी तरह ये पकड़ जाते हैं तो उसमें अपने निजी स्वार्थ के लिए पुलिस चोरी जैसी घटना में सुलह समझौता कराने में जुट जाती है। ऐसी स्थ्तिी में चोरी की घटनाएं बढेगी या घटेगी इस बात से साफ अंदाजा लगाया जा सकता है।
