Jaunpur news किशोरी ने जहर खाकर की आत्महत्या की कोशिश, हालत नाजुक — पुलिस जांच में जुटी
जौनपुर में किशोरी ने जहर खाकर की आत्महत्या की कोशिश, हालत नाजुक — पुलिस जांच में जुटी
जौनपुर।
शहर के कोतवाली थाना क्षेत्र स्थित बारादूवरिया मोहल्ले में एक किशोरी द्वारा जहर खाकर आत्महत्या का प्रयास करने का मामला सामने आया है। गंभीर हालत में परिजनों ने उसे तत्काल जिला अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसकी स्थिति नाजुक बताई जा रही है।
परिजनों के अनुसार मोहल्ले के ही एक युवक पर पहले शादी का झांसा देकर किशोरी से जबरन शारीरिक संबंध बनाने का आरोप लगा था। इस मामले में कुछ माह पूर्व पुलिस में तहरीर दी गई थी, जिस पर मुकदमा दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय भेजा गया था। बाद में जमानत पर छूटकर आने के बाद आरोपी और उसके परिजन कथित तौर पर किशोरी को ताने देने और मानसिक रूप से परेशान करने लगे।
बताया जा रहा है कि इसी मानसिक दबाव से आहत होकर रविवार सुबह करीब 11 बजे किशोरी ने घर में रखा कीटनाशक पी लिया। हालत बिगड़ने पर परिवार वालों को घटना की जानकारी हुई और उसे तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया।
मामले में शहर कोतवाल विश्वनाथ प्रताप सिंह का कहना है कि घटना की हर पहलू से जांच की जा रही है। प्रथम दृष्टया मामला संदिग्ध लग रहा है और पुलिस तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई करेगी। घटना के बाद इलाके में तरह-तरह की चर्चाएं चल रही हैं।
