February 10, 2026

Jaunpur news आरोपित सफेदपोश भोला जायसवाल की हुई अदालत में पेशी

Share

बहुचर्चित कोडीनयुक्त कफ सिरप प्रकरण

42.5 करोड़ के कारोबार के आरोपित सफेदपोश भोला जायसवाल की हुई अदालत में पेशी

पुलिस की कड़ी सुरक्षा में एनडीपीएस कोर्ट में किया गया पेश

जौनपुर। बहुचर्चित कोडीनयुक्त कफ सिरप के करोड़ों के कारोबार में आरोपित सफेद पोश माफिया भोला प्रसाद जायसवाल की मंगलवार को जौनपुर के एनडीपीएस कोर्ट में पेशी हुई। पुलिस की कड़ी सुरक्षा में उसे यहां लाया गया। इस दौरान अदालत परिसर में खासी गहमा गहमी बनी रही।
बताते चलें कि कोडिंन कफ सिरप के अंतरराष्ट्रीय तस्कर और प्रदेश की पुलिस के लिए वांटेड बने वाराणसी जनपद निवासी शुभम जायसवाल का पिता है भोला जायसवाल। हालांकि शुभम जायसवाल इस समय दुबई में है । उसकी गिरफ्तारी के लिए इंटरपोल की मदद ली जा रही है।
शुभम के पिता भोला जायसवाल पर आरोप है कि उन्होंने फर्म शैली ट्रेडर्स के माध्यम से जौनपुर जिले की 12 फर्मों के जरिए लगभग 42.5 करोड़ रुपये का कारोबार किया है।

जौनपुर के जिला औषधि निरीक्षक रजत कुमार पांडेय की विशेष जांच पड़ताल में सामने आया है कि इन फर्मों के नाम पर बड़े पैमाने पर फर्जी बिलिंग की गई है। प्रारंभिक जांच के बाद पुलिस और विशेष जांच टीम (एसआईटी) इस पूरे नेटवर्क की गहन पड़ताल में जुटी हुई है। आरोपित की गिरफ्तारी के बाद मामले ने और तूल पकड़ लिया है, जिससे संबंधित फर्मों की वैधता और उनके जरिए किए गए लेन-देन को लेकर कई सवाल खड़े हो गए हैं।

जांच एजेंसियां इस बिंदु पर विशेष रूप से ध्यान केंद्रित कर रही हैं कि क्या इन फर्मों का इस्तेमाल अवैध गतिविधियों और मादक पदार्थों के कारोबार को छिपाने के लिए किया गया। जिला प्रशासन और पुलिस ने मामले को अत्यंत गंभीरता से लेते हुए सभी आवश्यक कानूनी कदम उठाने का भरोसा दिलाया है। साथ ही आरोपित की चल-अचल संपत्तियों को कुर्क करने की तैयारी भी शुरू कर दी गई है।

भोला जायसवाल की कोर्ट में पेशी को लेकर पुलिस प्रशासन पूरी तरह अलर्ट रहा। सुरक्षा के बीच आरोपित को एनडीपीएस कोर्ट के न्यायाधीश के समक्ष प्रस्तुत किया गया, जहां मामले की अगली सुनवाई के लिए 18 फरवरी की तिथि निर्धारित की गई है।

About Author