Jaunpur news कलेक्ट्रेट प्रेक्षागृह में पराविधिक स्वयंसेवकों का संवर्धन प्रशिक्षण, पांच जनपदों के पीएलवी हुए शामिल
कलेक्ट्रेट प्रेक्षागृह में पराविधिक स्वयंसेवकों का संवर्धन प्रशिक्षण, पांच जनपदों के पीएलवी हुए शामिल
जौनपुर। जनपद न्यायाधीश एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण जौनपुर के अध्यक्ष सुशील कुमार शशि के नेतृत्व में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा कलेक्ट्रेट प्रेक्षागृह में पराविधिक स्वयंसेवकों (पीएलवी) के लिए संवर्धन प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस प्रशिक्षण में जौनपुर के साथ-साथ सुल्तानपुर, भदोही, मिर्जापुर एवं प्रयागराज जनपदों से आए पराविधिक स्वयंसेवकों और न्यायिक अधिकारियों ने सहभागिता की।
कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन एवं मां सरस्वती की प्रतिमा पर माल्यार्पण के साथ हुआ। इस अवसर पर अतिथियों का पुष्पगुच्छ एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर स्वागत किया गया। जनपद न्यायाधीश सुशील कुमार शशि ने आशीर्वचन देते हुए कहा कि पराविधिक स्वयंसेवक समाज के अंतिम व्यक्ति तक न्याय की पहुंच सुनिश्चित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं, इसलिए उनका सतत प्रशिक्षण आवश्यक है।
प्रशिक्षण कार्यक्रम के प्रथम तकनीकी सत्र में बाल श्रम से संबंधित कानूनों की जानकारी सहायक श्रम आयुक्त देवव्रत यादव ने दी। राष्ट्रीय विधिक सेवा योजनाओं पर पूर्णकालिक सचिव, प्रयागराज दिनेश कुमार गौतम ने विस्तार से प्रकाश डाला। पंचायती राज विभाग की योजनाओं की जानकारी अपर जिला पंचायत राज अधिकारी अरविंद प्रभाकर द्वारा दी गई, जबकि स्थायी लोक अदालत की कार्यप्रणाली पर सदस्य लोक अदालत रजनी सिंह ने प्रशिक्षण दिया।
द्वितीय तकनीकी सत्र में समाज कल्याण विभाग एवं राजस्व प्रशासन से जुड़ी योजनाओं की जानकारी दी गई। किशोर न्याय अधिनियम पर सहायक परिवीक्षा अधिकारी मुरलीधर गिरी ने प्रकाश डाला, वहीं अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश रूपाली सक्सेना ने पाक्सो एक्ट के प्रावधानों की विस्तृत जानकारी दी। बच्चों से संबंधित कल्याणकारी योजनाओं पर जिला प्रोबेशन अधिकारी विजय कुमार पांडे ने प्रशिक्षण प्रदान किया।
कार्यक्रम का संचालन डिप्टी चीफ डिफेंस काउंसिल डॉ. दिलीप कुमार सिंह ने किया। उन्होंने पीएलवी को डायरी संधारण, रिपोर्टिंग प्रणाली, दस्तावेजीकरण तथा नालसा, सालसा एवं डालसा की संरचना व भूमिका के बारे में विस्तार से बताया। सहायक पुलिस अधीक्षक गोल्डी गुप्ता ने मिशन शक्ति अभियान के उद्देश्यों और क्रियान्वयन पर जानकारी दी।
समापन अवसर पर प्रभारी सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण जौनपुर सौरभ श्रीवास्तव ने धन्यवाद ज्ञापन किया। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ किया गया। इस दौरान न्यायिक अधिकारी, प्रशासनिक अधिकारी, बड़ी संख्या में पराविधिक स्वयंसेवक, बुद्धिजीवी तथा प्रिंट व इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

