Jaunpur news केराकत में रास्ते के विवाद ने लिया हिंसक रूप, दबंगों ने पति-पत्नी को पीटा, वीडियो बनाती महिला का मोबाइल भी छीना
केराकत में रास्ते के विवाद ने लिया हिंसक रूप, दबंगों ने पति-पत्नी को पीटा, वीडियो बनाती महिला का मोबाइल भी छीना
जौनपुर के केराकत थाना क्षेत्र स्थित धरौरा गांव में रास्ते को लेकर चल रहा विवाद मंगलवार को अचानक हिंसा में बदल गया। गांव के पवन दुबे और उनके पड़ोसियों के बीच लंबे समय से 10 फीट चौड़ी छोड़ी गई गली पर कब्जे को लेकर तनातनी चल रही थी। मंगलवार को जब पड़ोसी तीर्थराज दुबे और उनके परिजन इस गली को ईंट लगाकर बंद करने लगे, तो पवन दुबे ने इसका विरोध किया।
विरोध के बाद स्थिति बिगड़ गई और तीर्थराज दुबे के पक्ष के कई पुरुषों व महिलाओं ने मिलकर पवन दुबे और उनके परिवार पर अचानक ईंट-पत्थर व लाठी-डंडों से हमला कर दिया। हमले में पवन दुबे गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि विवाद में तीर्थराज दुबे को भी चोटें आई हैं। घटना के दौरान पवन दुबे की पत्नी प्रियंका जब इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो बना रही थीं, तभी हमलावरों ने उनका मोबाइल छीन लिया।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल पवन दुबे को थाने ले गई, वहीं तीर्थराज दुबे घटनास्थल से फरार हो गए। लेकिन मामला यहीं शांत नहीं हुआ। लगभग तीन घंटे बाद तीर्थराज दुबे के ससुराल पक्ष के कई युवक गांव पहुंचे और पवन दुबे के घर पर दोबारा हमला कर दिया। इस दौरान आरोपियों ने प्रियंका दुबे को घर के भीतर घुसकर नुकसान पहुँचाने का भी प्रयास किया, लेकिन पड़ोसियों की तत्परता से हमलावर भाग खड़े हुए।
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस बल दोबारा गांव पहुंचा, मगर तब तक आरोपी फरार हो चुके थे। पुलिस ने प्रियंका दुबे और उनकी सास को थाने ले जाकर पूरी घटना की तहरीर ली। गांव में तनाव का माहौल बना हुआ है, जबकि पुलिस आरोपियों की तलाश में जुट गई है।
