Jaunpur news महिलाएं घर की नींव भी और राष्ट्र की धुरी भी: अपराजिता सोनकर
महिलाएं घर की नींव भी और राष्ट्र की धुरी भी: अपराजिता सोनकर — भाजपा महिला मोर्चा की बैठक में आत्मनिर्भर महिला सम्मेलन की तैयारी
जौनपुर। आत्मनिर्भर भारत संकल्प अभियान के तहत भारतीय जनता पार्टी महिला मोर्चा जौनपुर द्वारा आगामी जिला स्तरीय आत्मनिर्भर महिला सम्मेलन के आयोजन को लेकर भाजपा जिला कार्यालय पर एक बैठक सम्पन्न हुई। बैठक में कार्यक्रम की रूपरेखा पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक की अध्यक्षता जिला उपाध्यक्ष सुरेन्द्र सिंघानिया ने की, जबकि मुख्य अतिथि के रूप में काशी क्षेत्र की क्षेत्रीय महामंत्री अपराजिता सोनकर उपस्थित रहीं। बैठक का संचालन महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष रागिनी सिंह ने किया।
मुख्य अतिथि अपराजिता सोनकर ने कहा कि महिलाओं की भागीदारी से ही संगठन सशक्त होगा और देश आत्मनिर्भर बनेगा। उन्होंने कहा कि मातृशक्ति की राष्ट्र-नवनिर्माण में भागीदारी से ही अन्त्योदय की अवधारणा मूर्त रूप लेगी। महिलाएं घर की नींव भी हैं और राष्ट्र की धुरी भी हैं।
उन्होंने आगे कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में नारी शक्ति वंदन अधिनियम के माध्यम से महिलाओं को समुचित नेतृत्व मिलने का मार्ग प्रशस्त हुआ है। संगठन में महिलाओं की सक्रिय भागीदारी और नेतृत्व बढ़ाने से आधी आबादी तक सरकार की योजनाएं, विचारधारा और अभियान प्रभावी रूप से पहुंचेंगे।
बैठक की अध्यक्षता कर रहे सुरेन्द्र सिंघानिया ने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना, उज्ज्वला, शौचालय, हर घर नल से जल, मुद्रा योजना और जनधन योजना जैसी योजनाओं ने महिलाओं के जीवन को न केवल सुगम बनाया है, बल्कि उन्हें सुरक्षित और आत्मनिर्भर भी किया है।
कार्यक्रम में महिला मोर्चा के पदाधिकारी और कार्यकर्ता बड़ी संख्या में उपस्थित रहीं तथा आत्मनिर्भर महिला सम्मेलन को सफल बनाने के लिए अपने-अपने सुझाव दिए।
