October 14, 2025

Jaunpur news विदाई समारोह: रामाश्रय रॉय ने साझा किया एक वर्ष का अनुभव, जनता और नेताओं ने सराहा सहयोग

Share


खेतासराय में विदाई समारोह: रामाश्रय रॉय ने साझा किया एक वर्ष का अनुभव, जनता और नेताओं ने सराहा सहयोग

खेतासराय, जौनपुर।
निवर्तमान थाना प्रभारी रामाश्रय रॉय का गुरुवार को थाना परिसर में विदाई समारोह आयोजित किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में नागरिक, जनप्रतिनिधि और वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौजूद रहे। समारोह में रामाश्रय रॉय ने अपने एक वर्ष के कार्यकाल का अनुभव साझा करते हुए कहा कि खेतासराय के लोग हमेशा आपसी प्रेम और सौहार्द बनाए रखने में अग्रणी रहे हैं।

उन्होंने बताया कि जिले के इस संवेदनशील कस्बे में कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए जनता ने पुलिस प्रशासन के साथ खुलकर सहयोग किया। समाज के सभी वर्गों ने होली, ईद और मिलादुन्नबी जैसे त्योहारों में पूरी सहभागिता दिखाई और किसी प्रकार की कोई अड़चन नहीं आई।

विदाई समारोह में नगर पंचायत अध्यक्ष वसीम अहमद ने रामाश्रय रॉय का माल्यार्पण और बुके देकर स्वागत किया और उनके कार्यकाल को जनता के लिए सहयोगपूर्ण और उत्कृष्ट बताया। भाजपा नेता चेयरमैन पुत्र रूपेश गुप्ता मोनू ने कहा कि गरीब जनता के लिए त्वरित न्याय दिलाने में उनका योगदान सराहनीय रहा। उन्होंने बताया कि मुख्य चौराहे पर नई पुलिस चौकी का निर्माण और थाना परिसर में भव्य शिव मंदिर की स्थापना भी उनके कार्यकाल की ऐतिहासिक उपलब्धियां हैं।

इस अवसर पर मोहम्मद फारूक आजम, वरिष्ठ पत्रकार इन्द्रजीत सिंह मौर्य सहित कई नेताओं और गणमान्य व्यक्तियों ने रामाश्रय रॉय का अंगवस्त्र और स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मान किया।

कार्यक्रम में वरिष्ठ भाजपा नेता अजय सिंह, डॉ. चन्द्रजीत मौर्य, राकेश राजभर, पूर्व ग्राम प्रधान पप्पू गौतम, मोहम्मद आजम, सफर शेख, अजीम सिद्दीकी, कस्बा इंचार्ज उपनिरीक्षक अनिल पाठक, उप निरीक्षक तारीक अंसारी, वीरेंद्र सिंह दीवान, हेड कांस्टेबल संजय पांडेय, अंबिका यादव सहित भारी संख्या में लोग उपस्थित रहे।

रामाश्रय रॉय ने अपने संबोधन में कहा कि जनता का सहयोग और सौहार्द कायम रखना पुलिस के लिए सर्वोपरि है, और उन्होंने इस समर्थन के लिए सभी का धन्यवाद किया।

About Author