October 14, 2025

Jaunpur news स्वदेशी, स्वभाषा और स्वभूषा से ही भारत बनेगा विकसित राष्ट्र: अशोक चौरसिया

Share


स्वदेशी, स्वभाषा और स्वभूषा से ही भारत बनेगा विकसित राष्ट्र: अशोक चौरसिया
आत्मनिर्भरता हर नागरिक को स्वावलंबन की ओर ले जाने वाला आंदोलन है: पुष्पराज सिंह

जौनपुर।
भारतीय जनता पार्टी द्वारा चलाए जा रहे “आत्मनिर्भर भारत अभियान” के तहत बृहस्पतिवार को सिद्धार्थ उपवन में एक प्रेस वार्ता आयोजित की गई। इस अवसर पर जिला प्रभारी एवं काशी क्षेत्र के महामंत्री अशोक चौरसिया, भाजपा जिलाध्यक्ष पुष्पराज सिंह, आत्मनिर्भर भारत अभियान के जिला संयोजक सुरेन्द्र सिंघानिया और जिला मीडिया प्रभारी आमोद सिंह मौजूद रहे। कार्यक्रम में “घर-घर स्वदेशी, हर घर स्वदेशी” के संकल्प को जन-जन तक पहुँचाने की रणनीति पर विस्तार से चर्चा की गई।

प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए अशोक चौरसिया ने कहा कि “स्वदेशी, स्वभाषा और स्वभूषा — ये तीनों स्तंभ मिलकर भारत को विकसित राष्ट्र बनाने की दिशा में आगे बढ़ा रहे हैं।” उन्होंने कहा कि यदि देश को आर्थिक रूप से सशक्त बनाना है, तो हर नागरिक को स्वदेशी उत्पादों के प्रयोग को जीवन का हिस्सा बनाना होगा। भाजपा कार्यकर्ता गांव-गांव जाकर जनसंपर्क और गोष्ठियों के माध्यम से लोगों को स्वदेशी अपनाने के लिए प्रेरित कर रहे हैं।

उन्होंने आगे कहा कि “स्वराज ने हमें राजनीतिक स्वतंत्रता दी थी, अब स्वदेशी हमें आर्थिक स्वतंत्रता दिलाएगा।” प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सरकार पीएम विश्वकर्मा योजना, वन डिस्ट्रिक्ट वन प्रोडक्ट, और स्टार्टअप इंडिया जैसी योजनाओं से देश के उत्पादकों और कारीगरों को नई पहचान दे रही है।

भाजपा जिलाध्यक्ष पुष्पराज सिंह ने कहा कि “आत्मनिर्भर भारत अभियान केवल आर्थिक स्वावलंबन नहीं, बल्कि हर नागरिक को आत्मनिर्भर बनने की प्रेरणा देने वाला आंदोलन है।” उन्होंने बताया कि यह अभियान 25 सितम्बर से 25 दिसम्बर तक जिलेभर में चलेगा, जिसके तहत कार्यशालाएं, जनसंवाद कार्यक्रम और रैलियां आयोजित की जा रही हैं। उन्होंने कहा कि आत्मनिर्भर भारत की भावना तभी साकार होगी जब हर नागरिक स्थानीय उत्पादों को अपनाएगा और स्वदेशी उद्यमों को सहयोग देगा।

जिला संयोजक सुरेन्द्र सिंघानिया ने बताया कि अभियान के अंतर्गत युवाओं, महिलाओं और उद्यमियों के लिए विशेष सत्र आयोजित किए जा रहे हैं, जिनमें रोजगार सृजन, कौशल विकास और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने पर फोकस रहेगा।

कार्यक्रम के अंत में जिला मीडिया प्रभारी आमोद सिंह ने धन्यवाद ज्ञापित करते हुए कहा कि “आत्मनिर्भर भारत अभियान केवल राजनीतिक पहल नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण की दिशा में जनभागीदारी का संकल्प है।”

इस अवसर पर मल्हनी विधानसभा संयोजक प्रबुद्ध दुबे, पिछड़ा मोर्चा जिलाध्यक्ष अनिल गुप्ता, और जिला सह मीडिया प्रभारी सुशांत चौबे भी उपस्थित रहे।

About Author