Jaunpur news 78वां निरंकारी संत समागम: सेवा, समर्पण और मानवता का अद्भुत उत्सव, सतगुरु माता सुदीक्षा जी ने किया उद्घाटन
78वां निरंकारी संत समागम: सेवा, समर्पण और मानवता का अद्भुत उत्सव, सतगुरु माता सुदीक्षा जी ने किया उद्घाटन
जौनपुर। संत निरंकारी मिशन द्वारा आयोजित 78वें वार्षिक निरंकारी संत समागम का आयोजन इस वर्ष “आत्म मंथन” थीम के तहत सम्पन्न हुआ। सतगुरु माता सुदीक्षा जी महाराज और निरंकारी राजपिता रमित जी ने समागम स्थल का पावन उद्घाटन किया।
समागम में सेवा, श्रद्धा और मानवता का संदेश प्रत्येक क्रिया में झलक रहा था। माता सुदीक्षा जी ने उपस्थित भक्तों को संबोधित करते हुए कहा कि समागम केवल समूह रूप में एकत्रित होने का नाम नहीं, बल्कि सेवा का प्रबल भाव है। उन्होंने आत्ममंथन कर मन में व्याप्त कमियों को दूर करने और सभी में परमात्मा का रूप देखने का संदेश दिया।
लगभग 600 एकड़ में फैले इस महोत्सव स्थल पर लाखों श्रद्धालुओं के लिए आवास, भोजन, स्वास्थ्य और सुरक्षा की संपूर्ण व्यवस्थाएँ श्रद्धा और निःस्वार्थ भाव से की गई। देश-विदेश से आए संतजन, सेवा में रत महात्मा और भक्तजन इस उत्सव में सम्मिलित होकर एकत्व, समर्पण और आत्मिक आनंद का अनुभव कर रहे हैं।
संत निरंकारी मिशन पिछले 96 वर्षों से “वसुधैव कुटुम्बकम” की भावना को जीवंत करता आ रहा है, जो सभी धर्म, जाति और भाषाओं के मानव प्रेमियों को सेवा, भक्ति और समानता के माध्यम से जोड़ता है। इस वर्ष का समागम भी इसी संदेश का प्रतीक बनकर उपस्थित लोगों को आत्मिक शांति और मानवता की अनुभूति कराता है।

