Jaunpur news मिशन शक्ति फेज 5.0 का शुभारंभ, महिलाओं को किया गया सम्मानित
मिशन शक्ति फेज 5.0 का शुभारंभ, महिलाओं को किया गया सम्मानित
जौनपुर। नारी सुरक्षा, सम्मान एवं स्वावलंबन के लिए समर्पित मिशन शक्ति फेज 5.0 का शुभारंभ मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लोकभवन सभागार, लखनऊ से किया। कार्यक्रम में 1647 नवस्थापित मिशन शक्ति केंद्रों का उद्घाटन, एसओपी पुस्तिका एवं “सशक्त नारी समृद्ध प्रदेश” फोल्डर का विमोचन किया गया। साथ ही विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के लाभार्थियों से संवाद भी हुआ।
इस अवसर का सीधा प्रसारण कलेक्ट्रेट स्थित एनआईसी सभागार में खेल एवं युवा कल्याण राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) गिरीश चंद्र यादव, एमएलसी बृजेश सिंह “प्रिंशू”, जिलाध्यक्ष पुष्पराज सिंह, जिलाधिकारी डॉ. दिनेश चंद्र, पुलिस अधीक्षक डॉ. कौस्तुभ, सीडीओ ध्रुव खाडिया, सीएमओ डॉ. लक्ष्मी सिंह सहित अन्य अधिकारियों, कर्मचारियों की उपस्थिति में देखा गया।
कार्यक्रम में विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य कर रही महिलाओं को सम्मानित किया गया, जिनमें विद्युत सखी सुनीता निषाद, स्वयं सहायता समूह की प्रीति सिंह व सुनीला, एफपीओ ऋषित फार्मर प्रोड्यूसर की दुर्गा मौर्य, धर्मापुर कृषक प्रोड्यूसर की संध्या तथा महिला बैंक मित्र नीलम गौतम शामिल रहीं।
राज्यमंत्री गिरीश चंद्र यादव ने कहा कि शासन निरंतर महिलाओं को सुरक्षित, सशक्त और आत्मनिर्भर बनाने हेतु कार्यरत है। उन्होंने कहा— “महिलाएं सशक्त होंगी तभी परिवार, समाज और देश सशक्त होगा।”
इसके साथ ही मिशन शक्ति के शुभारंभ का सीधा प्रसारण जनपद की सभी तहसीलों, विकास खंडों, विद्यालयों व ग्रामीण स्तर तक देखा गया।

