January 26, 2026

Jaunpur news भाजपा कार्यालय में कार्यकर्ता बैठक, डिप्टी सीएम बृजेश पाठक का कांग्रेस-सपा पर तीखा प्रहार

Share

भाजपा कार्यालय में कार्यकर्ता बैठक, डिप्टी सीएम बृजेश पाठक का कांग्रेस-सपा पर तीखा प्रहार

जौनपुर। जिले के सीहीपुर स्थित भाजपा कार्यालय पर जिलाध्यक्ष पुष्पराज सिंह की अध्यक्षता में कार्यकर्ता बैठक आयोजित हुई। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक मौजूद रहे। बैठक की शुरुआत पार्टी के पुरोधा डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी और पंडित दीनदयाल उपाध्याय के चित्र पर माल्यार्पण कर की गई। इसके बाद जिलाध्यक्ष पुष्पराज सिंह, सांसद सीमा द्विवेदी, खेल एवं युवा मंत्री गिरीश चंद्र यादव, विधायक रमेश मिश्र, बृजेश सिंह प्रिंसू, पूर्व विधायक सुरेंद्र सिंह सहित अन्य नेताओं ने डिप्टी सीएम का स्वागत किया।

मुख्य अतिथि ब्रजेश पाठक ने कांग्रेस और सपा पर तीखे शब्दों में हमला बोला। उन्होंने कहा कि कांग्रेस में लोकतंत्र नाम की कोई चीज़ नहीं है, वहां अध्यक्ष पद परिवार तक ही सीमित रहता है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि यदि राहुल गांधी विवाह कर लेते तो उनका बेटा कांग्रेस अध्यक्ष बनता और अगर नहीं तो प्रियंका गांधी के बच्चे इस पद पर बैठेंगे।

पाठक ने कहा कि कांग्रेस ने आपातकाल थोपकर देश को जेलखाना बना दिया था और अलग-अलग समय पर 90 राज्य सरकारों को बर्खास्त कर लोकतंत्र का गला घोंटा। यही नहीं, सपा की सरकार में गुंडों और माफियाओं को संरक्षण मिला और बच्चियों की सुरक्षा खतरे में रहती थी।

डिप्टी सीएम ने राहुल गांधी द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ अपमानजनक भाषा प्रयोग करने पर भी कड़ी आपत्ति जताई। उन्होंने कहा कि कांग्रेस, सपा और आरजेडी सत्ता की भूख में भारतीय संस्कारों को तिलांजलि दे रहे हैं। मोदी और अमित शाह के खिलाफ की गई अभद्र टिप्पणियां देश बर्दाश्त नहीं करेगा। पूरा देश प्रधानमंत्री मोदी के साथ खड़ा है।

अखिलेश यादव पर भी हमला बोलते हुए उन्होंने कहा कि सपा अध्यक्ष को जनता की समस्याओं से कोई लेना-देना नहीं है, उनका मकसद केवल परिवार तक सत्ता को सीमित रखना है।

बैठक का संचालन जिला महामंत्री सुशील मिश्र ने किया। इस दौरान जिला उपाध्यक्ष सुधाकर उपाध्याय, सुरेंद्र सिंघानिया, संतोष सिंह, संदीप सरोज, नगर पालिका अध्यक्ष मनोरमा मौर्य, ब्लॉक प्रमुख संजय सिंह, अजय सिंह, सुनील यादव, जिला मंत्री राजू दादा, आमोद सिंह, नरेंद्र उपाध्याय, रागिनी सिंह, अनिल गुप्ता समेत मंडल अध्यक्ष, महामंत्री और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

About Author