Jaunpur news बारात की खुशियां मातम में बदलीं, बेकाबू रथ ने दो लोगों को कुचला; मौके पर मौत

IMG-20261018-WA0030
Share


बारात की खुशियां मातम में बदलीं, बेकाबू रथ ने दो लोगों को कुचला; मौके पर मौत
बक्शा के मई मोड़ के पास हुआ दर्दनाक हादसा, सजावट का सामान लेकर चल रहे दोनों युवक एक ही गांव के निवासी; पुलिस ने शुरू की जांच
जौनपुर। जिले के बक्शा थाना क्षेत्र में शुक्रवार की रात एक शादी समारोह उस समय मातम में बदल गया, जब बारात में शामिल रथ अचानक अनियंत्रित होकर आगे बढ़ गया। रथ की चपेट में आने से दो लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद बारात में भगदड़ जैसी स्थिति पैदा हो गई और मौके पर चीख-पुकार मच गई।
जानकारी के अनुसार, बदलापुर थाना क्षेत्र के देवरिया गांव से शुक्रवार रात मड़ैया मोहम्मदपुर निवासी रामअवध यादव के यहां बारात पहुंची थी। बारात में डीजे और सजे-धजे रथ के साथ लोग नाचते-गाते जा रहे थे। रात करीब 9 से 9:30 बजे के बीच नौपेड़वा हाईवे पर मई मोड़ स्थित बधवारेबीर मंदिर के पास रथ ढलान से नीचे उतर रहा था। इसी दौरान चालक का नियंत्रण बिगड़ गया और रथ अचानक तेज गति से आगे बढ़ने लगा।
इसकी चपेट में बारात के आगे गमले और सजावट का सामान लेकर चल रहे गोरियापुर गांव निवासी मुसाफिर और शिवाकांत गौतम आ गए। रथ से कुचलकर दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद बारात में शामिल लोगों ने तत्काल दोनों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नौपेड़वा पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने परीक्षण के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
दो लोगों की मौत की खबर मिलते ही शादी समारोह की खुशियां गम में बदल गईं। मृतकों के परिवारों में कोहराम मच गया। एक ही गांव के दो लोगों की असामयिक मौत से पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है।
सूचना मिलने पर बक्शा थानाध्यक्ष प्रशांत कुमार सिंह पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर दोनों शवों को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल के शवगृह भेजने की कार्रवाई की।
थानाध्यक्ष प्रशांत कुमार सिंह के मुताबिक, हादसे में शामिल रथ और उसके चालक को कब्जे में लेने की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस दुर्घटना के सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच कर रही है। घटनास्थल पर शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल तैनात किया गया है।