Jaunpur news तिलकधारी महाविद्यालय के दो वरिष्ठ आचार्यों को मुख्यमंत्री ने दिया प्रशस्ति पत्र

IMG-20261120-WA0015
Share

तिलकधारी महाविद्यालय के दो वरिष्ठ आचार्यों को मुख्यमंत्री ने दिया प्रशस्ति पत्र

शैक्षिक, संगठनात्मक एवं कौशल विकास के क्षेत्र में योगदान के लिए मिला सम्मान

जौनपुर। तिलकधारी स्नातकोत्तर महाविद्यालय के दो वरिष्ठ आचार्यों प्रो. विजय कुमार सिंह, अध्यक्ष अर्थशास्त्र विभाग तथा प्रो. हरिओम त्रिपाठी, अध्यक्ष समाजशास्त्र विभाग को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की ओर से प्रशस्ति पत्र प्रदान किया गया। शुक्रवार को मुख्यमंत्री कार्यालय से आए कर्मचारियों ने महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. (डॉ.) राम आसरे सिंह की उपस्थिति में दोनों शिक्षकों को सम्मान पत्र सौंपा।

प्रशस्ति पत्र में भारतीय सनातन परंपरा में गुरु की महत्ता को रेखांकित करते हुए शिक्षकों को समाज का मार्गदर्शक और चेतना निर्माण का आधार स्तंभ बताया गया है।

प्रो. विजय कुमार सिंह वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय शिक्षक संघ के पूर्व अध्यक्ष रह चुके हैं। अपने कार्यकाल में उन्होंने विश्वविद्यालय से संबद्ध लगभग 900 महाविद्यालयों के शिक्षक समुदाय को संगठित करने और शिक्षक संघ को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी।

वहीं, प्रो. हरिओम त्रिपाठी कौशल विकास पाठ्यक्रम के संयोजक भी हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को रोजगारपरक शिक्षा, स्वरोजगार के लिए प्रेरित करने तथा व्यक्तित्व विकास के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान दिया है।

इस उपलब्धि पर महाविद्यालय के प्रबंधक राघवेंद्र प्रताप सिंह, प्राचार्य प्रो. राम आसरे सिंह सहित प्रो. राहुल सिंह, डॉ. शैलेंद्र कुमार सिंह, प्रो. महेंद्र कुमार त्रिपाठी तथा अन्य शिक्षकों ने दोनों आचार्यों को बधाई दी। दोनों शिक्षकों को मिला यह सम्मान महाविद्यालय के लिए गौरव का विषय है।