Jaunpur news साइबर ठगों का नया हथकंडा: युवक को जेल भेजने की धमकी देकर मांगे 11,500 रुपये

IMG-20250825-WA0060
Share

साइबर ठगों का नया हथकंडा: युवक को जेल भेजने की धमकी देकर मांगे 11,500 रुपये

जफराबाद। स्थानीय कस्बे के रसूलाबाद मोहल्ले के निवासी मुहम्मद शाहिद उर्फ शानू से साइबर अपराधियों ने ठगी का प्रयास किया। फोन कॉल पर आरोप लगाया गया कि वह फेसबुक पर अश्लील वीडियो देखते हैं। इसके बाद ठग ने धमकी दी कि यदि 11,500 रुपये स्कैनर के जरिए नहीं भेजे गए तो उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज कर पुलिस घर भेजी जाएगी।

शानू ने आरोप का खंडन करते हुए कहा कि वह केवल रील आदि देखते हैं, अश्लील वीडियो नहीं। इसके बावजूद कॉल करने वाला शख्स लगातार गालियां देता रहा और धमकाता रहा। डर के कारण शानू ने फोन काट दिया और बाद में मामले की जानकारी अपने परिचितों को दी। परिचितों ने समझाया कि यह साइबर फ्रॉड का मामला है। जब कुछ लोगों ने उसी नंबर पर कॉल करने का प्रयास किया तो नंबर बंद मिला।

ग्रामीण क्षेत्रों में इस तरह की साइबर ठगी की घटनाएं आए दिन सामने आ रही हैं, जिससे लोगों में दहशत और चिंता का माहौल है।