Jaunpur news मंच, माला, माइक से दूर रहे भाजपा के पदाधिकारी, धर्मपाल सिंह
खास रिपोर्ट इन्द्रजीत सिंह मौर्य
मंच, माला, माइक से दूर रहे भाजपा के पदाधिकारी, धर्मपाल सिंह
भाजपा प्रदेश महामंत्री संगठन ने जौनपुर में संगठन की कसी नकेल, दिए कड़े निर्देश
होटल रिवर व्यू में आयोजित हुई पार्टी की ओर से गोपनीय संगठन समीक्षा
जौनपुर। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह ने बुधवार को जौनपुर जनपद के सभी संगठन के पदाधिकारियों को मंच, माला, माइक से दूर रहते हुए बूथ स्तर पर संगठन को सक्रिय करने और खुद भी सक्रिय रहने की नसीहत दी।
काशी क्षेत्र के पदाधिकारियों, जिलाध्यक्ष, जिला प्रभारी मंडल, बूथ स्तर के पदाधिकारी के साथ संवाद स्थापित करते हुए उन्होंने बेहद ही कड़े लहजे में कहा कि भारतीय जनता पार्टी सिर्फ चुनावी संगठन नहीं है बल्कि समाज सेवा, राष्ट्र नवनिर्माण और जन जागरण के लिए निरंतर कार्य करने वाला देश का सबसे बड़ा राजनीतिक दल है।
वह शहर के होटल रिवर व्यू में जिला पदाधिकारी की बैठक में मुख्य अतिथि के रूप में संगठन की समीक्षा कर रहे थे।
उन्होंने उदाहरण के तौर पर कहा कि संगठन का कोई भी छोटा बड़ा कार्यक्रम होता है तो उसमें पार्टी के मंडल, बूथ स्तर के पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि सीधे आगे आकर खड़े हो जाते हैं। उनकी फोटो खिंची जाती है, अखबारों से लेकर सोशल मीडिया और फेसबुक में वहीं खबर प्रमुखता से चलती है लेकिन हम आमजन को नहीं जोड़ पाते। यह पुरानी परंपरा अब पूरी तरह से बंद होनी चाहिए। समाज के शिक्षक वर्ग, अधिवक्ता वर्ग, व्यापारी वर्ग, नौजवान, बेरोजगार, किसान और माता बहनों को सभी प्रकोष्ठ में हम पचास पचास ऐसे लोगों को जोड़ेंगे जो कभी संगठन से नहीं जुड़े हैं।
उन्हें अपने कार्यक्रम में बुलाकर उनसे बौद्धिक प्रवचन कराया जाएगा और अपने संगठन की अच्छाइयों को उन्हें बताया जाएगा।
बाक्स
कार्यकर्ताओं को काम करने का बताया गुरु मंत्र
जौनपुर। प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह ने बुधवार को जौनपुर में संगठनात्मक गतिविधियों पर चर्चा के साथ आगामी पंचायत चुनाव पर मंत्रणा की गई। उन्होंने संगठन की मजबूती के लिए इकाई के रूप में काम करने का गुरु मंत्र देते हुए अभियानों और कार्यक्रमों की समीक्षा की और बूथ समिति गठन सहित संगठनात्मक गतिविधियों पर बारीकी से पूछताछ की।
कार्यक्रम में भाजपा काशी क्षेत्र जनपद जौनपुर पदाधिकारी तथा जिलाध्यक्ष सम्मिलित हुए।
प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह ने कहा कि संगठन में कार्यकर्ता निर्माण की सतत प्रक्रिया है। कार्यकर्ता ही संगठन का मेरूदंड है। प्रभावी बूथ समितियों में संगठन की शक्ति समाहित है। उन्होंने कहा कि आगामी समय में पंचायत चुनाव होने वाले है। ऐसे में प्रत्येक बूथ पर प्रभावी बूथ समितियों के निर्माण की प्रक्रिया पूर्ण करना है। बूथ समितियों के ऊजार्वान कार्यकर्ता चुनाव में बूथ पर अभेद्य व्यूह रचना के साथ घर-घर सतत सम्पर्क व सतत संवाद का माध्यम है। इसलिए हम कह सकते है कि प्रभावी व सक्रिय बूथ समिति ही विजय का आधार है। प्रत्येक कार्यकर्ता को जिम्मेदारी सौंपकर जवाबदेही तय की जाए।
बाक्स
संगठन में नए लोगों को जोड़ने का दिए निर्देश
जौनपुर। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह ने साफ कहा कि पार्टी के हर कार्यक्रम में नए लोगों को जोड़ने की जरूरत है। पुराने पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं के बजाय हम नए लोगों को हर प्रकोष्ठ में जोड़ेंगे तो संगठन में मजबूती आएगी।
उन्होंने कहा कि बूथ पर प्रत्येक परिवार के साथ हमें परिवार के सदस्य की तरह जुड़ना है। हर सुख-दुख में हमें साथ रहना है। हर कार्यक्रम और अभियान से सभी को जोड़ने का प्रयास करना है।
इस मौके पर काशी क्षेत्र अध्यक्ष दिलीप पटेल,
जौनपुर के प्रभारी अशोक चौरसिया,
भाजपा जिलाध्यक्ष पुष्पराज सिंह, बदलापुर के विधायक रमेश चंद्र मिश्र, शाहगंज विधायक रमेश सिंह समेत तमाम पदाधिकारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन जिला महामंत्री सुशील मिश्र ने किया।

