Jaunpur news शिक्षकों को दिवाली से पहले बड़ा तोहफ़ा, कैशलेश चिकित्सा योजना से 60 लाख लोगों को लाभ
शिक्षकों को दिवाली से पहले बड़ा तोहफ़ा, कैशलेश चिकित्सा योजना से 60 लाख लोगों को लाभ
जौनपुर। शिक्षक दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा की गई कैशलेश चिकित्सा योजना की घोषणा से पूरे प्रदेश के शिक्षकों और उनके परिवारों में खुशी की लहर दौड़ गई है। इस योजना का लाभ प्रदेश के परिषदीय विद्यालयों के शिक्षक, शिक्षा मित्र, अनुदेशक, रसोइयां, अशासकीय सहायता प्राप्त माध्यमिक विद्यालयों व महाविद्यालयों के शिक्षक तथा स्ववित्त पोषित संस्थानों के शिक्षकों को मिलेगा।
इस योजना से प्रदेशभर के 16 लाख से अधिक परिवारों के लगभग 60 लाख पात्र लोग लाभान्वित होंगे। खास बात यह है कि लाभार्थियों को इसके लिए कोई अंशदान नहीं करना होगा और दीपावली से पहले कैशलेश चिकित्सा सुविधा शुरू कर दी जाएगी।
जनपद जौनपुर के शिक्षकों ने इस घोषणा का स्वागत किया और इसे ऐतिहासिक कदम बताया।
- सुजानगंज के शिक्षक रवि प्रकाश तिवारी व नागेंद्र सिंह ने कहा कि शिक्षकों की पुरानी मांग पूरी कर मुख्यमंत्री ने सराहनीय कार्य किया है।
- मुंगराबादशाहपुर के शिक्षक सुनील कुमार मणि त्रिपाठी ने कहा कि अब पैसे के अभाव में शिक्षकों और शिक्षामित्रों का इलाज बाधित नहीं होगा।
- महराजगंज के शिक्षक दिनेश कुमार पाल का कहना है कि अब किसी शिक्षक साथी के इलाज के लिए चंदा जुटाने की आवश्यकता नहीं पड़ेगी।
- मछलीशहर की शिक्षिका प्रेमलता सिंह और मड़ियाहूं की शिक्षिका नीतू सिंह ने खुशी जताते हुए कहा कि अब राज्य कर्मचारियों की तरह उनका परिवार भी कैशलेश चिकित्सा सुविधा का लाभ पा सकेगा।
- सिकरारा की शिक्षिका छाया सिंह और रामनगर की शिक्षिका ममता सिंह ने इसे दीपावली से पहले दिया गया आरोग्य उपहार बताया, जिससे शिक्षण सेवा और भी आकर्षक होगी।
- शाहगंज के शिक्षक जितेंद्र यादव और सिरकोनी के शिक्षक पंकज सिंह ने कहा कि अब शिक्षकों को हेल्थ इंश्योरेंस कंपनियों को भारी प्रीमियम नहीं चुकाना पड़ेगा।
शिक्षकों का कहना है कि यह योजना उनके जीवन की बड़ी चिंता दूर कर देगी और उन्हें निश्चिंत होकर सेवा कार्य करने की प्रेरणा देगी।
