Jaunpur news जौनपुर को मिला केंद्रीय विद्यालय, इसी सत्र से शुरू होंगी कक्षाएं

Share


जौनपुर को मिला केंद्रीय विद्यालय, इसी सत्र से शुरू होंगी कक्षाएं
राज्यमंत्री गिरीश चंद्र यादव ने दी जानकारी, जीजीआईसी परिसर में होगा संचालन

Jaunpur news जौनपुर। शिक्षा के क्षेत्र में अग्रणी रहे जौनपुर जनपद को आखिरकार केंद्रीय विद्यालय की सौगात मिल गई है। लंबे समय से चली आ रही मांग और प्रयासों के बाद भारत सरकार ने जनपद में केंद्रीय विद्यालय की स्थापना को स्वीकृति प्रदान कर दी है। इसी सत्र से विद्यालय में कक्षाएं संचालित की जाएंगी।

यह जानकारी शनिवार को खेल एवं युवा कल्याण राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) गिरीश चंद्र यादव ने अपने सिपाह स्थित जनसंपर्क कार्यालय में आयोजित पत्रकार वार्ता के दौरान दी। उन्होंने बताया कि इस सत्र में केंद्रीय विद्यालय में कक्षा 1 से 5 तक की कक्षाएं संचालित की जाएंगी, जिनमें प्रत्येक कक्षा में 40-40 सीटों पर प्रवेश लिया जाएगा।

राज्यमंत्री ने बताया कि विद्यालय के संचालन के लिए केवी नं. 39 गोरखा ट्रेनिंग सेंटर के प्रधानाचार्य चंद्र भूषण प्रकाश वर्मा को जौनपुर केंद्रीय विद्यालय के प्राचार्य के रूप में नामित किया गया है। प्रवेश प्रक्रिया 21 जून 2025 से शुरू होगी और 5 जुलाई 2025 तक चलेगी। कक्षाओं का संचालन 15 जुलाई 2025 से प्रारंभ होने की संभावना है।

प्रारंभिक चरण में विद्यालय में एक उप-प्राचार्य, पांच शिक्षक एवं एक संगीत शिक्षक की नियुक्ति की जाएगी, जिसकी प्रक्रिया प्रगति पर है। जब तक विद्यालय की अपनी बिल्डिंग तैयार नहीं हो जाती, तब तक जीजीआईसी परिसर में स्थित महाविद्यालय भवन में शिक्षण कार्य संचालित किया जाएगा। सभी आवश्यक व्यवस्थाएं पूरी कर ली गई हैं।

राज्यमंत्री ने कहा कि अगली कक्षाएं अगले शैक्षणिक सत्र से क्रमवार रूप से शुरू की जाएंगी। उन्होंने इस स्वीकृति के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय शिक्षा मंत्री, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ एवं प्रदेश के शिक्षा मंत्री के प्रति जनपद की ओर से आभार व्यक्त किया।

पत्रकार वार्ता के दौरान पूर्व विधायक सुरेंद्र प्रताप सिंह, मंडल अध्यक्ष सारिका सोनी, कमलेश निषाद, मीडिया प्रभारी मनीष श्रीवास्तव, प्रतिनिधि अजय सिंहब्रह्मेश शुक्ला सहित अन्य गणमान्य उपस्थित रहे।


About Author