October 14, 2025

फिर पशु तस्करों ने वर्दीधारी को कुचला: सिपाही दुर्गेश सिंह की मौत, पूरी घटना CCTV में कैद

Share

जौनपुर। जनपद में एक बार फिर पशु तस्करों ने दुस्साहसिक वारदात को अंजाम दिया है। अभी जलालपुर थाना क्षेत्र के पराऊगंज चौकी इंचार्ज और सिपाहियों को वाहन से कुचलने वाले आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हो सकी थी कि इसी बीच एक और वर्दीधारी पुलिसकर्मी को निशाना बनाया गया। ताजा घटना में चंदवक थाना क्षेत्र के सिपाही दुर्गेश सिंह की मौत हो गई है।

घटना बीती रात करीब 12 बजे चंदवक थाना क्षेत्र के खुज्जी मोड़ तिराहे की है, जहां पुलिस टीम वाहन चेकिंग अभियान चला रही थी। इसी दौरान एक संदिग्ध पिकअप वाहन को रोकने का प्रयास किया गया। पुलिस द्वारा रुकने का इशारा मिलते ही चालक ने वाहन की रफ्तार बढ़ा दी और सिपाही दुर्गेश सिंह को जोरदार टक्कर मार दी। गंभीर रूप से घायल दुर्गेश सिंह को तत्काल वाराणसी के ट्रॉमा सेंटर रेफर किया गया, जहां इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया।

बताया जा रहा है कि इस घटना को पशु तस्करों ने ही अंजाम दिया है। पूरी घटना पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है, जिसमें साफ देखा जा सकता है कि सिपाही को जानबूझकर टक्कर मारी गई।

उधर, पराऊगंज चौकी इंचार्ज प्रतिमा सिंह अब भी वाराणसी के ट्रॉमा सेंटर में भर्ती हैं और जीवन-मौत से जूझ रही हैं। तीन दिन बीतने के बावजूद उनकी हालत में कोई खास सुधार नहीं हुआ है।

सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, इस वारदात के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक मुठभेड़ में एक पशु तस्कर को मार गिराया है। हालांकि, इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हो सकी है।

About Author