Jaunpur news जेसीज चौराहा-वाजिदपुर मार्ग की झील बचाने की मुहिम तेज, डीएम को सौंपा ज्ञापन
जेसी चौराहा-वाजिदपुर मार्ग की झील बचाने की मुहिम तेज, डीएम को सौंपा ज्ञापन
जौनपुर। शहर के जेसी चौराहा से वाजिदपुर तिराहा के बीच सड़क किनारे मौजूद जल क्षेत्र को अतिक्रमण और अवैध कब्जे से बचाने की मांग को लेकर सामाजिक कार्यकर्ता जज सिंह अन्ना ने जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा। उन्होंने जल क्षेत्र के संरक्षण के साथ इसके सौंदर्यीकरण और पर्यावरणीय विकास की मांग उठाई।
ज्ञापन के माध्यम से मांग की गई कि झील क्षेत्र में कूड़ा फेंकने तथा मिट्टी डालकर उसे पाटने पर तत्काल रोक लगाई जाए। सामाजिक कार्यकर्ता का कहना है कि इस क्षेत्र की कई बार पैमाइश हो चुकी है, ऐसे में राजस्व विभाग की टीम से दोबारा सीमांकन कराकर जल क्षेत्र की वास्तविक सीमा स्पष्ट की जाए।
उन्होंने झील की भूमि को सुरक्षित रखने के लिए जेसी चौराहा से वाजिदपुर तिराहा तक बाउंड्रीवाल और तारबंदी कराने की मांग की, ताकि भविष्य में किसी तरह के अतिक्रमण की संभावना न रहे। साथ ही जलस्रोत के आसपास बड़े पैमाने पर पौधारोपण कराने का भी सुझाव दिया गया।
ज्ञापन में इस जल क्षेत्र को विकसित कर मिनी झील और पर्यटन स्थल का स्वरूप देने की मांग भी शामिल है। उनका कहना है कि यदि बचे हुए जल क्षेत्र का समय रहते संरक्षण किया गया तो यह शहर के लिए पर्यावरण और पर्यटन की दृष्टि से महत्वपूर्ण स्थान बन सकता है।
जज सिंह अन्ना ने कहा कि प्राकृतिक जलस्रोतों को सुरक्षित रखना आने वाली पीढ़ियों के लिए बेहद जरूरी है। उन्होंने प्रशासन से झील की भूमि को चिह्नित कर तत्काल संरक्षणात्मक कार्रवाई करने की मांग की, ताकि जल क्षेत्र पर किसी भी प्रकार का अवैध कब्जा न हो सके।
