नवनिर्मित मकान का छज्जा लटकने से छज्जे से गिरी महिला समेत पांच घायल

IMG-20240715-WA0012
Share

केराकत ।नगर के नालापार (नावघाट) में सोमवार की दोपहर नवनिर्मित मकान का छज्जा अचानक लटक गया। छज्जे पर खड़ी महिला सहित पांच लोग गिर कर घायल हो गए। गौरतलब है कि विजय शर्मा के मकान के दूसरे तल की छत का दो सप्ताह पहले ढलाई की गई थी। सुबह मजदूर मकान में लगे बास-बल्ली को खोल कर चले गए। तत्पश्चात सुमन शर्मा पत्नी विजय शर्मा 45 वर्ष, आदर्श शर्मा पुत्र जितेंद्र शर्मा 8 वर्ष, नितिन शर्मा पुत्र अजय शर्मा 15 वर्ष, अक्षय शर्मा पुत्र पप्पू शर्मा 17 वर्ष व आयुष शर्मा पुत्र विनोद शर्मा 3 वर्ष नवनिर्मित मकान के छत पर टहल रहे थे। टहलते-टहलते लोग छत के छज्जे पर जैसे ही पहुंचे कि छज्जा नीचे लटक गया और सभी लोग नीचे जा गिरे और बुरी तरह से घायल हो गये।छज्जा गिरने की आवाज सुन आस-पास के लोगों की भीड़ इकट्ठा हो गई और घायलों को उपचार हेतु सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया। जहां चिकित्सकों ने सुमन,आदर्श व अक्षय की नाजुक हालत देख बेहतर उपचार हेतु बीएचयू अस्पताल रेफर कर दिया है। वहीं नितिन व आयुष को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गयी।