आवारा पशुओं से परेशान किसानों ने ब्लॉक कार्यालय पर किया प्रदर्शन

मुफ्तीगंज l जौनपुर
आवारा पशुओं से परेशान गद्दीपुर गांव के किसानों ने शुक्रवार को ब्लॉक कार्यालय पर पहुंच कर प्रदर्शन किया l किसानों की शिकायत है कि आवारा पशु उनकी फसलों का नुकसान कर रहे हैं l
प्रदर्शन करने वालों में सूबेदार राय, नीरज राय, अरविंद यादव, शुभम राय, अभिषेक प्रताप, दिलीप राय, रमेश चन्द्र यादव, शंकर यादव, नितेश, आदिल यादव आदि रहे l नेतृत्व ग्राम प्रधान प्रतिनिधि बीरेन्द्र यादव ने किया l
इस अवसर पर किसानों ने एडीओ पंचायत को ज्ञापन भी सौंपा l कहा कि यदि आवारा पशुओं का समुचित प्रबंधन नहीं किया गया तो वे लोग पशुओं को ब्लॉक परिसर में ही लाकर बाँध देंगे l
इस मौके पर किसानों ने पशुओं में लम्पी बीमारी का मुद्दा भी उठाया l कहा कि उनके गांव में राम चन्द्र राय के घर के पास एक छुट्टा बछड़ा लम्पी बीमारी की चपेट में है और जिन्दगी और मौत से जूझ रहा है l लम्पी बीमारी और किसानों के प्रदर्शन की जानकारी होते ही ब्लॉक के पशु चिकित्साधिकारी डॉ अजय यादव बछड़े का उपचार करने पहुंच गए l
उन्होंने ग्राम प्रधान से कहा कि यदि किसी जानवर के लम्पी से ग्रसित होने की जानकारी मिले तो उन्हें सूचित करें वे उपचार करने पहुंचेगे l
