Jaunpur news संविधान की रक्षा एवं नागरिकों को जागरूक करने के लिए मछलीशहर ब्लॉक में निकली जागरूकता रैली

IMG-20261111-WA0007
Share

संविधान की रक्षा एवं नागरिकों को जागरूक करने के लिए मछलीशहर ब्लॉक में निकली जागरूकता रैली

मछलीशहर (जौनपुर)। संविधान की प्रस्तावना, मूल उद्देश्यों एवं नागरिकों के मूल कर्तव्यों के प्रति लोगों को जागरूक करने तथा संविधान की रक्षा का संकल्प दिलाने के उद्देश्य से विकासखंड मछलीशहर के अधिकारियों एवं कर्मचारियों द्वारा ब्लॉक मछली शहर से ताजुद्दीनपुर तक जागरूकता रैली निकाली गई।

रैली के माध्यम से आमजन को संविधान के महत्व, उसमें दिए गए अधिकारों तथा नागरिकों के कर्तव्यों की जानकारी दी गई। साथ ही देश की एकता, अखंडता और आपसी भाईचारे को बनाए रखने का संदेश दिया गया। अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने लोगों से संविधान के प्रति सम्मान रखते हुए अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहने और अपने कर्तव्यों का ईमानदारी से पालन करने की अपील की।

यह जागरूकता रैली खंड विकास अधिकारी अंजलि भारती के निर्देशन में आयोजित की गई। इसमें पंचायत ब्लॉक कोऑर्डिनेटर, सहायक विकास अधिकारी (पंचायत) एवं समस्त सफाई कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

इस अवसर पर सहायक विकास अधिकारी (पंचायत) सुशील उपाध्याय, एवं इंद्रजीत पाल, ओमप्रकाश यादव, राजेंद्र पाल, पवन गौतम, हसन अली, अखिलेश कुमार, लालमणि गौतम, साह अहमद सहित सैकड़ों अधिकारी, कर्मचारी एवं सफाईकर्मी उपस्थित रहे।

रैली के माध्यम से संदेश दिया गया कि संविधान केवल अधिकारों का दस्तावेज नहीं, बल्कि देश की एकता, समानता, स्वतंत्रता और न्याय की मजबूत आधारशिला है। इसकी रक्षा करना और इसके आदर्शों को अपने जीवन में अपनाना प्रत्येक नागरिक का दायित्व है। इस अवसर पर महान सामाजिक कार्यकर्ता जज सिंह अन्ना भी मौजूद रहे ।