Jaunpur news दीपावली की रात खूनी संघर्ष से दहला बसरा गांव, लाठी-डंडों से पीटकर अधेड़ की हत्या, दो गंभीर
दीपावली की रात खूनी संघर्ष से दहला बसरा गांव, लाठी-डंडों से पीटकर अधेड़ की हत्या, दो गंभीर
जौनपुर। तेजीबाजार थाना क्षेत्र के बसरा गांव में दीपावली की रात पुरानी रंजिश ने हिंसक रूप ले लिया। करीब एक सप्ताह पहले हुए विवाद का बदला लेने के लिए एक पक्ष के लोगों ने कथित तौर पर लाठी-डंडों से लैस होकर दूसरे पक्ष के घर पर धावा बोल दिया। हमले में तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। इलाज के दौरान 42 वर्षीय रमेश यादव की मौत हो गई, जबकि दो अन्य घायलों का जिला अस्पताल में उपचार चल रहा है।
मिली जानकारी के अनुसार, रविवार रात करीब 10 बजे रमेश यादव का परिवार भोजन करने के बाद घर पर मौजूद था। इसी दौरान आरोप है कि 8 से 10 की संख्या में पहुंचे हमलावरों ने अचानक घर में घुसकर परिवार के सदस्यों पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। अचानक हुए हमले से परिवार में चीख-पुकार मच गई।
इस घटना में रमेश यादव (42) पुत्र रामसमुझ यादव, उनके भाई मुन्नू यादव (50) और प्रदीप यादव (17) गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से तीनों को एंबुलेंस के जरिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बदलापुर पहुंचाया गया। वहां रमेश की हालत चिंताजनक देखते हुए चिकित्सकों ने उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
जिला अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सक डॉ. सलमान अंसारी ने परीक्षण के बाद रमेश यादव को मृत घोषित कर दिया। वहीं, अन्य दोनों घायलों को अस्पताल में भर्ती कर उपचार शुरू कर दिया गया।
बताया जा रहा है कि करीब एक सप्ताह पहले दोनों पक्षों के बीच मारपीट की घटना हुई थी। इसी पुरानी रंजिश को हमले की वजह माना जा रहा है।
घटना की सूचना मिलते ही तेजीबाजार थाने की पुलिस मौके पर पहुंच गई। गांव में तनाव को देखते हुए एहतियातन भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की कार्रवाई शुरू कर दी है। वहीं, हमलावरों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमों द्वारा तलाश की जा रही है।
दीपावली की रात हुई इस वारदात के बाद गांव में मातम और तनाव का माहौल बना हुआ है।
