Jaunpur news गोपी घाट पर धूमधाम से मनाया गया गंगा उत्सव, गोमती आरती और दीपदान से जगमगाया घाट
गोपी घाट पर धूमधाम से मनाया गया गंगा उत्सव, गोमती आरती और दीपदान से जगमगाया घाट
जौनपुर। सामाजिक वानिकी वन प्रभाग एवं जिला गंगा समिति के संयुक्त तत्वावधान में बुधवार, 4 नवंबर 2026 को गोपी घाट पर गंगा उत्सव का भव्य आयोजन किया गया। नमामि गंगे अभियान के अंतर्गत आयोजित इस कार्यक्रम में गोमती आरती, दीपदान और दीपोत्सव के माध्यम से नदियों के संरक्षण एवं स्वच्छता का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम में विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए नदी संरक्षण और पर्यावरण जागरूकता पर आधारित आकर्षक पेंटिंग एवं रंगोली तैयार की। अपनी कलात्मक प्रस्तुतियों के जरिए विद्यार्थियों ने लोगों को नदियों को प्रदूषण मुक्त रखने तथा पर्यावरण की रक्षा के प्रति जागरूक किया।
इस दौरान वन विभाग के एसडीओ हरिओम श्रीवास्तव ने विद्यार्थियों द्वारा तैयार की गई पेंटिंग और पर्यावरण संरक्षण से जुड़े प्रोजेक्टों का अवलोकन किया। उन्होंने बच्चों के प्रयासों की सराहना करते हुए जल संरक्षण, नदियों की स्वच्छता और पर्यावरण संतुलन बनाए रखने के महत्व पर विस्तार से जानकारी दी।
कार्यक्रम में जिला गंगा समिति की डीपीओ सोनाली सिंह सहित वन विभाग के अधिकारी-कर्मचारी, विद्यालयों के शिक्षक-शिक्षिकाएं तथा अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे। आयोजन के माध्यम से आमजन को नदियों के संरक्षण और स्वच्छ पर्यावरण के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाने का संदेश दिया गया।
