Jaunpur news नितिन गडकरी के जौनपुर दौरे पर बदलेगा यातायात मार्ग, 5 नवंबर को सुबह 7 बजे से लागू रहेगा रूट डायवर्जन
नितिन गडकरी के जौनपुर दौरे पर बदलेगा यातायात मार्ग, 5 नवंबर को सुबह 7 बजे से लागू रहेगा रूट डायवर्जन
जौनपुर। केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी के 5 नवंबर को प्रस्तावित जौनपुर दौरे को लेकर यातायात पुलिस ने विशेष ट्रैफिक प्लान जारी किया है। मंत्री प्रयागराज एयरपोर्ट से हेलीकॉप्टर के जरिए मुंगराबादशाहपुर पहुंचेंगे। यहां राष्ट्र को समर्पित राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं की आधारशिला रखने का कार्यक्रम प्रस्तावित है। कार्यक्रम के बाद वह हेलीकॉप्टर से प्रयागराज एयरपोर्ट के लिए रवाना होंगे।
मंत्री की सुरक्षा व्यवस्था और कार्यक्रम के दौरान यातायात को सुचारु बनाए रखने के लिए जौनपुर पुलिस ने प्रयागराज और जौनपुर के बीच आने-जाने वाले वाहनों के लिए रूट डायवर्जन निर्धारित किया है। यह व्यवस्था 5 नवंबर को सुबह 7 बजे से कार्यक्रम समाप्त होने तक प्रभावी रहेगी।
यातायात पुलिस की ओर से जारी डायवर्जन प्लान के प्रमुख बिंदु इस प्रकार हैं—
प्रयागराज से जौनपुर आने वाले भारी एवं सामान्य वाहनों को बरना तिराहा, थाना फूलपुर से डायवर्ट कर जंघई और मछलीशहर के रास्ते जौनपुर भेजा जाएगा।
वाहनों के आवागमन के लिए बरना तिराहा से गाजी का बाग, थाना फतनपुर (प्रतापगढ़) और सतहरिया होते हुए जौनपुर पहुंचने का वैकल्पिक मार्ग भी निर्धारित किया गया है।
जौनपुर से प्रयागराज जाने वाले वाहनों को भी निर्धारित वैकल्पिक मार्गों से ही आवागमन करना होगा।
मुंगराबादशाहपुर-तलहटी मोड़-पुरऊपुर नहर-पांडेपुर-बरना पुल-फूलपुर होते हुए प्रयागराज जाने वाले मार्ग को आपातकालीन स्थिति के लिए वैकल्पिक मार्ग के रूप में सुरक्षित रखा गया है।
प्रयागराज के बरना तिराहे की ओर से आने वाले वाहनों को जौनपुर-प्रयागराज सीमा पर बैरियर लगाकर इटहरा की तरफ मोड़ा जाएगा। इसके बाद तरहटी तिराहे से कार्यक्रम स्थल की ओर जाने की अनुमति नहीं होगी। वाहनों को जंघई की तरफ भेजा जाएगा।
जंघई की ओर से प्रयागराज, प्रतापगढ़ और जौनपुर जाने वाले भारी वाहनों को मछलीशहर के रास्ते आवागमन करना होगा।
इटहरा तिराहे से केवल कार्यक्रम में शामिल होने वाले वाहनों को ही अनुमति दी जाएगी। अन्य भारी वाहनों को मुंगराबादशाहपुर कस्बे में प्रवेश नहीं दिया जाएगा।
मुंगराबादशाहपुर थाने के पास स्थित जंघई चौराहे से किसी भी वाहन को प्रयागराज की तरफ जाने की अनुमति नहीं होगी।
यातायात पुलिस की अपील
यातायात पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि 5 नवंबर को यात्रा पर निकलने से पहले निर्धारित रूट डायवर्जन की जानकारी अवश्य प्राप्त कर लें। अनावश्यक परेशानी से बचने के लिए वैकल्पिक मार्गों का प्रयोग करें तथा यातायात पुलिस के निर्देशों का पालन करें।
नोट रूट डायवर्जन 5 नवंबर 2026 को सुबह 7 बजे से कार्यक्रम समाप्ति तक लागू रहेगा।
