Jaunpur news श्रीराम का विलाप देख दर्शकों की आंखें हुईं नम, संजीवनी लेकर लौटे हनुमान तो गूंजे जयकारे

IMG-20261104-WA0018
Share

श्रीराम का विलाप देख दर्शकों की आंखें हुईं नम, संजीवनी लेकर लौटे हनुमान तो गूंजे जयकारे

सलखापुर की ऐतिहासिक रामलीला के अंतिम दिन उमड़ी भारी भीड़, लक्ष्मण शक्ति, कुंभकरण वध और मेघनाथ वध का हुआ मंचन

जौनपुर। सिरकोनी ब्लॉक के कचगांव क्षेत्र स्थित सलखापुर गांव में ऐतिहासिक मौनी बाबा रामलीला समिति के तत्वावधान में आयोजित रामलीला के अंतिम दिन मंगलवार रात लक्ष्मण शक्ति, कुंभकरण वध, मेघनाथ वध और अहिरावण युद्ध का भावपूर्ण मंचन किया गया। रामलीला देखने के लिए बड़ी संख्या में दर्शकों की भीड़ उमड़ी। लक्ष्मण शक्ति के प्रसंग में भगवान श्रीराम का विलाप देखकर दर्शकों की आंखें नम हो गईं।

कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि समाजसेवी सुरेंद्र सिंह सेठ और पूर्व प्रधान रणंजय सिंह संजय ने फीता काटकर किया। इसके बाद प्रबंधक संत प्रसाद सिंह और ग्राम प्रधान प्रमोद कुमार गौतम ने भगवान श्रीराम और माता जानकी की आरती उतारी। मुख्य अतिथि सुरेंद्र सिंह सेठ ने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति को प्रभु श्रीराम के आदर्शों को अपने जीवन में आत्मसात करना चाहिए। तभी रामलीला के आयोजन की सार्थकता सिद्ध होगी।

इस अवसर पर पहुंचे वरिष्ठ पत्रकार विश्व प्रकाश श्रीवास्तव का समिति के सदस्यों ने माल्यार्पण कर स्वागत किया। उन्होंने कहा कि इस समिति से उनके परिवार का पुराना जुड़ाव रहा है। समिति की ओर से मिला सम्मान उनके लिए गर्व की बात है। उन्होंने कहा कि भगवान श्रीराम के आदर्शों का पालन करते हुए जीवन व्यतीत करना ही सच्चे अर्थों में धर्म का पालन है।

मंचन के दौरान मेघनाथ के शक्ति बाण से लक्ष्मण के मूर्छित होने पर रामादल में शोक छा गया। भगवान श्रीराम ने हनुमान को वैद्य सुषेण के निर्देश पर द्रोणागिरी पर्वत से संजीवनी बूटी लाने के लिए भेजा। लक्ष्मण की मूर्छा और श्रीराम का विलाप देखकर दर्शक भावुक हो उठे। हनुमान संजीवनी बूटी लेकर लौटे और वैद्य सुषेण के उपचार से लक्ष्मण को होश आया तो रामादल में खुशी की लहर दौड़ गई। पूरा पंडाल जय श्रीराम के उद्घोष से गूंज उठा।

राम की भूमिका अक्षत श्रीवास्तव, लक्ष्मण की रौनक, हनुमान की साहिल, मेघनाथ की पुष्पेंद्र सिंह मोनू, कुंभकरण की सतीश सिंह बब्बू, अंगद की विशाल और रावण की भूमिका भोला सिंह ने निभाई। संचालन राजकमल सिंह ने किया।

इस दौरान निर्देशक धुरंधर सिंह, कोषाध्यक्ष ध्रुव प्रकाश सिंह, अध्यक्ष एवं पूर्व एडीओ यदुनाथ यादव, उपाध्यक्ष प्रवीण सिंह सोनू, दीनदयाल सिंह सहित समिति के सदस्य और ग्रामीण मौजूद रहे। यह जानकारी समिति के मीडिया प्रभारी दीपक श्रीवास्तव ने दी।