Jaunpur news राघवेंद्र मणि त्रिपाठी बने ऑल इंडिया फेयर प्राइस शॉप डीलर्स फेडरेशन के कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष
राघवेंद्र मणि त्रिपाठी बने ऑल इंडिया फेयर प्राइस शॉप डीलर्स फेडरेशन के कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष
नियुक्ति से प्रदेश भर के कोटेदारों में हर्ष, समस्याओं के समाधान की जगी उम्मीद
जौनपुर। ऑल इंडिया फेयर प्राइस शॉप डीलर्स फेडरेशन (कोटेदार संघ) को प्रदेश स्तर पर और अधिक सक्रिय, संगठित एवं सशक्त बनाने की दिशा में प्रदेश अध्यक्ष राजेश तिवारी ने महत्वपूर्ण निर्णय लेते हुए राघवेंद्र मणि त्रिपाठी को उत्तर प्रदेश का कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किया है। उनकी नियुक्ति से प्रदेश भर के उचित दर विक्रेताओं (कोटेदारों) में खुशी की लहर है। संगठन के पदाधिकारियों एवं कोटेदारों ने उम्मीद जताई है कि उनके नेतृत्व में दुकानदारों की समस्याओं के समाधान की प्रक्रिया अधिक सरल, सुगम और प्रभावी होगी।
प्रदेश अध्यक्ष राजेश तिवारी ने संगठन को चुस्त-दुरुस्त बनाने तथा कोटेदारों की समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर उठाने के उद्देश्य से यह जिम्मेदारी सौंपी है। राघवेंद्र मणि त्रिपाठी के कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष बनने से संगठन की गतिविधियों को नई गति मिलने और प्रदेश के विभिन्न जनपदों में कार्यरत उचित दर विक्रेताओं के बीच बेहतर समन्वय स्थापित होने की उम्मीद है।
कोटेदार सार्वजनिक वितरण प्रणाली के माध्यम से पात्र लाभार्थियों तक खाद्यान्न पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। ऐसे में उन्हें अपने कार्य के दौरान विभिन्न प्रकार की व्यावहारिक एवं प्रशासनिक समस्याओं का सामना करना पड़ता है। संगठन के पदाधिकारियों को आशा है कि नए कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष कोटेदारों की समस्याओं को संबंधित अधिकारियों एवं शासन के समक्ष प्रभावी ढंग से उठाकर उनके निराकरण के लिए सार्थक पहल करेंगे।
राघवेंद्र मणि त्रिपाठी की नियुक्ति पर जनपद जौनपुर के कोटेदार संघ के पदाधिकारियों एवं दुकानदारों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए प्रदेश अध्यक्ष राजेश तिवारी के निर्णय का स्वागत किया। खुशी जाहिर करने वालों में कार्यकारी जिलाध्यक्ष दयाशंकर निगम, जिला मीडिया प्रभारी मोहम्मद सलीमुल्लाह, नगर कोषाध्यक्ष अशोक कुमार जायसवाल, मनोज कुमार जायसवाल, संतोष कुमार गुप्ता सहित तमाम उचित दर विक्रेता शामिल रहे।
संगठन से जुड़े लोगों ने विश्वास व्यक्त किया कि राघवेंद्र मणि त्रिपाठी के नेतृत्व में कोटेदार संघ प्रदेश स्तर पर और मजबूत होगा तथा दुकानदारों की समस्याओं, हितों एवं मांगों को प्रमुखता से उठाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। उनकी नियुक्ति को संगठन के विस्तार और कोटेदारों के हितों की रक्षा की दिशा में एक सकारात्मक कदम माना जा रहा है।
