Jaunpur news जफराबाद में डेंगू के लक्षण का कहर, नासही मोहल्ले में 50 से अधिक लोग बीमार होने की सूचना।
जफराबाद में डेंगू के लक्षण का कहर, नासही मोहल्ले में 50 से अधिक लोग बीमार होने की सूचना।
क्रासर
चार दिनों में डेंगू के लक्षण वाले मरीजों की संख्या बढ़ने का दावा, स्थानीय चिकित्सकों ने कई मरीजों को हायर सेंटर किया रेफर; नगर पंचायत प्रशासन बोला—नहीं थी जानकारी, अब तेज होगा छिड़काव और फागिंग
जफराबाद (जौनपुर) नगर पंचायत जफराबाद के मोहल्ला नासही में डेंगू के बढ़ते लक्षण तेज बुखार, सिर में दर्द कम प्लेट लेट्स के प्रकोप से लोगों में दहशत का माहौल है। स्थानीय लोगों के अनुसार, मोहल्ले में 50 से अधिक लोग डेंगू के लक्षणों से प्रभावित हैं। कई परिवारों के एक से अधिक सदस्य बुखार की चपेट में हैं। वहीं, स्थानीय चिकित्सकों का कहना है कि पिछले चार दिनों में डेंगू के लक्षण वाले 50 से अधिक मरीज सामने आए हैं, जिन्हें उनकी स्थिति और लक्षणों को देखते हुए बेहतर उपचार के लिए हायर सेंटर भेजा गया है। दूसरी ओर, नगर पंचायत प्रशासन का कहना है कि उसे अब तक क्षेत्र में डेंगू के मरीजों की संख्या बढ़ने की जानकारी नहीं थी। ऐसे में मच्छरों के प्रकोप से परेशान स्थानीय लोगों ने साफ-सफाई, एंटी लार्वा छिड़काव और फागिंग को लेकर सवाल उठाए हैं।
जानकारी के अनुसार, सोमवार को मोहल्ला नासही में स्थिति का जायजा लेने पर बड़ी संख्या में लोगों के बीमार होने की बात सामने आई। मोहल्ला निवासी अनिल कुमार निगम, उनकी पत्नी और दो बच्चे पिछले एक सप्ताह से बीमारी से परेशान हैं। उनके पड़ोसी सुरेश कुमार निगम और बच्चा निगम के परिवार में भी कई सदस्य बुखार की चपेट में बताए जा रहे हैं। स्थानीय लोगों के मुताबिक, एक-एक कर परिवार के अन्य सदस्य भी बीमार पड़ रहे हैं, जिससे पूरे मोहल्ले में भय का माहौल है।
मोहल्ले के आदर्श सोनी, काव्या सेठ, राजा, शिवम साहू, सनी साहू, सूर्यांश सिंह और आंजनेय सिंह समेत दर्जनों के भी डेंगू के लक्षणों से प्रभावित होने की जानकारी सामने आई है। मोहाल्ला नासही के प्रजापति बस्ती और अनुसूचित बस्ती में भी कई लोगों के बीमार होने की बात कही जा रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि बीमारी का दायरा बढ़ने के बावजूद मच्छरों की रोकथाम के लिए प्रभावी कदम नहीं उठाए गए हैं।
चिकित्सकों ने 50 से अधिक मरीजों में बताए डेंगू जैसे लक्षण।
स्थानीय चिकित्सकों के अनुसार, पिछले चार दिनों में 50 से अधिक ऐसे मरीज सामने आए, जिनमें डेंगू जैसे लक्षण दिखाई दिए। मरीजों की स्थिति और लक्षणों को देखते हुए उन्हें बेहतर उपचार के लिए हायर सेंटर भेजा गया। हालांकि, इन सभी मरीजों में डेंगू की पुष्टि जांच रिपोर्ट के आधार पर ही मानी जा सकती है। चिकित्सकों के अनुसार, लगातार मरीजों के सामने आने से क्षेत्र में सतर्कता और बचाव के उपायों को तेज करना जरूरी है।
प्रशासन को नहीं थी जानकारी, अब तेज होगा छिड़काव।
नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारी विजय कुमार सिंह से जब क्षेत्र में डेंगू के बढ़ते प्रकोप और बड़ी संख्या में मरीजों के बीमार होने के संबंध में पूछा गया तो उन्होंने कहा कि नगर पंचायत में डेंगू के मरीजों की संख्या बढ़ने की उन्हें जानकारी नहीं थी। उन्होंने कहा कि नगर पंचायत प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग के बीच बेहतर समन्वय होना चाहिए, जिससे समय-समय पर ऐसी बीमारियों से प्रभावी ढंग से निपटा जा सके। उन्होंने आश्वासन दिया कि जानकारी मिलने के बाद नगर पंचायत क्षेत्र में कीटनाशक एवं एंटी लार्वा का छिड़काव और फागिंग तेज गति से कराई जाएगी।
नगर पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि डॉ. सरफराज खान ने बताया कि निर्धारित रोस्टर के अनुसार अलग-अलग वार्डों में कीटनाशक छिड़काव और फागिंग कराई जा रही है। जब उन्हें मोहल्ला नासही में 50 से अधिक लोगों के बीमार होने की जानकारी दी गई तो उन्होंने कहा कि मंगलवार से उक्त मोहल्लों में डेंगू की रोकथाम के लिए गंभीर कदम उठाए जाएंगे।
नालियों के किनारे छिड़काव नहीं होने का आरोप।
मोहल्ला नासही के लोगों ने नगर पंचायत प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए हैं। स्थानीय निवासियों का आरोप है कि मोहल्ले में नालियों के किनारे एक दिन भी कीटनाशक का छिड़काव नहीं कराया गया है। उनका कहना है कि डेंगू के बढ़ते खतरे के बावजूद मच्छरों की रोकथाम के लिए अब तक कोई प्रभावी पहल दिखाई नहीं दी। लोगों ने मांग की है कि पूरे मोहल्ले में तत्काल फागिंग कराई जाए, नालियों की सफाई हो और मच्छरों के प्रजनन स्थलों को समाप्त करने के लिए एंटी लार्वा का छिड़काव कराया जाए।
क्षेत्र में लगातार बढ़ रही बीमारी की आशंका के बीच अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि नगर पंचायत प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग कब संयुक्त रूप से प्रभावी अभियान चलाएंगे, ताकि लोगों को डेंगू के खतरे से राहत मिल सके।
डेंगू के लक्षण दिखें तो बरतें सावधानी, तत्काल फ्री में कराए जांच :डॉ रवि यादव।
सिरकोनी विकासखंड सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के डॉ रवि कुमार यादव ने कहा तेज बुखार, सिरदर्द, आंखों के पीछे दर्द, शरीर में दर्द और अत्यधिक कमजोरी डेंगू के संभावित लक्षण हो सकते हैं। ऐसे लक्षण दिखने पर चिकित्सक से संपर्क कर जांच कराएं। पेट में तेज दर्द, लगातार उल्टी, नाक या मसूड़ों से खून आना अथवा असामान्य सुस्ती जैसे लक्षण होने पर तत्काल अस्पताल जाएं। बिना चिकित्सकीय सलाह के एस्पिरिन या आइबुप्रोफेन जैसी दवाएं न लें।
