Jaunpur news नींद की झपकी बनी हादसे की वजह, मकान के चबूतरे पर जा चढ़ी पिकअप
नींद की झपकी बनी हादसे की वजह, मकान के चबूतरे पर जा चढ़ी पिकअप
जौनपुर। रामपुर थाना क्षेत्र के जमालापुर बाजार में देर रात एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। सोनभद्र से मिर्च लादकर मछलीशहर जा रही तेज रफ्तार पिकअप चालक को नींद आने के कारण अनियंत्रित होकर हाईवे किनारे बने नाले को पार करते हुए एक मकान के चबूतरे पर जा चढ़ी। टक्कर के बाद वाहन वहां लगे हैंडपंप में फंसकर रुक गया।
जानकारी के अनुसार पिकअप चालक अरविंद कुमार रात जमालापुर बाजार स्थित श्रीराम-जानकी मंदिर के पास पहुंचा था। इसी दौरान अचानक उसे नींद की झपकी आ गई और वाहन पर उसका नियंत्रण नहीं रहा। पिकअप नाले पर चढ़ते हुए शिव प्रसाद उमर वैश्य के मकान से टकराई और चबूतरे पर चढ़कर हैंडपंप से जा भिड़ी।
हादसे के समय मकान के बाहर चबूतरे पर इलेक्ट्रॉनिक मिस्त्री रमाशंकर मोदनवाल सो रहे थे। तेज आवाज के साथ हुई टक्कर और पिकअप का पिछला टायर फटने की आवाज से उनकी नींद खुल गई। खतरा भांपते ही वह तत्काल बिस्तर छोड़कर वहां से दूर भाग गए।
हैंडपंप में फंसने के कारण पिकअप मौके पर ही रुक गई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक यदि वाहन हैंडपंप से नहीं टकराता तो वह आगे बढ़कर सो रहे इलेक्ट्रॉनिक मिस्त्री को चपेट में ले सकता था। घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
पिकअप मालिक चंद्रशेखर मौर्य मौके पर पहुंचे और वाहन में लदी मिर्च को दूसरी गाड़ी में स्थानांतरित कराकर मछलीशहर के लिए रवाना कराया। हादसे के बाद बाजार में कुछ देर तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।
