IMG-20260912-WA0016
Share

लापता अधेड़ का धान के खेत में मिला शव, परिजनों में मचा कोहराम।

जौनपुर
रामपुर थाना क्षेत्र के सपही गांव निवासी लल्लन गौतम (56 वर्ष) के लापता होने के बाद शनिवार सुबह उनका शव साधीरनगंज बाजार के पास धान के खेत में पानी में मिला। शव मिलने की सूचना से क्षेत्र में सनसनी फैल गई, जबकि परिजनों में कोहराम मच गया।

जानकारी के अनुसार, लल्लन गौतम 10 सितंबर को घर से सामान खरीदने के लिए साइकिल से साधीरनगंज बाजार गए थे। देर रात तक घर वापस नहीं लौटने पर परिजनों ने उनकी काफी खोजबीन की। बाजार पहुंचने पर उनकी साइकिल और चप्पल मिली, लेकिन उनका कोई पता नहीं चला। इसके बाद परिजनों ने रिश्तेदारियों समेत कई स्थानों पर उनकी तलाश की, लेकिन सफलता नहीं मिली।

परिजनों के अनुसार, लल्लन गौतम के पुत्र विजय गौतम ने शाम को रामपुर थाने पहुंचकर पिता की गुमशुदगी की तहरीर दी थी। शनिवार सुबह किसी व्यक्ति ने साधीरनगंज बाजार में सुरेश यादव मेडिकल स्टोर के बगल स्थित धान के खेत में पानी के बीच शव देखा और इसकी सूचना पुलिस को दी।

सूचना मिलते ही रामपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई में जुट गई। पुलिस द्वारा शव की स्थिति एवं घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच की जा रही है। मौत के वास्तविक कारण का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।

घटना के बाद से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं, पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।