Jaunpur news कार से कुचलने की कोशिश का आरोपी पुलिस के हत्थे चढ़ा, हमले में युवक का पैर टूटा

motion_photo_2416184268774266035
Share


कार से कुचलने की कोशिश का आरोपी पुलिस के हत्थे चढ़ा, हमले में युवक का पैर टूटा
जौनपुर। लाइन बाजार थाना क्षेत्र के विशेषरपुर मोहल्ले में पुरानी रंजिश को लेकर युवक को कार से कुचलने के प्रयास के मामले में पुलिस ने फरार चल रहे आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। हमले में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया था और उसका दाहिना पैर टूट गया था।
पुलिस के अनुसार, 11 जुलाई की रात विशेषरपुर चौराहे के पास अरुण कुमार उर्फ बंटी और उदयराज गौतम के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई थी। स्थानीय लोगों के बीच-बचाव के बाद दोनों अलग हो गए और अरुण अपने घर चला गया।
आरोप है कि कुछ देर बाद उदयराज गौतम अर्टिगा कार से अरुण के घर पहुंचा और उसे बाहर बुलाया। जैसे ही अरुण घर से बाहर निकला, आरोपी ने कथित तौर पर उस पर कार चढ़ाने की कोशिश की। टक्कर लगने से अरुण सड़क पर गिर पड़ा और उसके दाहिने पैर में गंभीर चोट लगने के कारण वह टूट गया। शरीर के अन्य हिस्सों में भी चोटें आईं। घायल को उपचार के लिए जिला अस्पताल ले जाया गया।
घटना के बाद पीड़ित की शिकायत पर लाइन बाजार पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी थी। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए उदयराज गौतम को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।