Jaunpur news पैमाइश के नाम पर पट्टेदारों से पांच-पांच हजार रुपये मांगने का आरोप
पैमाइश के नाम पर पट्टेदारों से पांच-पांच हजार रुपये मांगने का आरोप
शाहगंज, जौनपुर।
सुईथकला विकासखण्ड क्षेत्र के रुधौली गांव में आवासीय पट्टे की भूमि पर कब्जा दिलाने के लिए पैमाइश के नाम पर लेखपाल द्वारा पट्टेदारों से पांच-पांच हजार रुपये मांगने का आरोप सामने आया है। मामले में पट्टेदारों ने गुरूवार को उपजिलाधिकारी / तहसीलदार शाहगंज को प्रार्थनापत्र देकर जांच कराने तथा भूमि की पैमाइश कराकर कब्जा दिलाने की मांग की है।प्रार्थनापत्र के अनुसार गांव के पंचम, बतिकरन, मो. रजा पुत्र हनीफ, दयाराम पुत्र रघुनाथ, हरीराम, चन्द्रबली पुत्र राजदेव, विनयी पुत्र सहदेव, दिनकर, जीतेन्द्र पुत्र रामहित, संतोष प्रजापति आदि को आवासीय पट्टा आवंटित हुआ है। 20 अगस्त को सभी पट्टेदार पट्टे की भूमि पर कब्जा लेने पहुंचे। आरोप है कि कुछ लोगों ने कब्जा करने का विरोध किया, जिसके बाद पट्टेदार संबंधित लेखपाल से मिले।पट्टेदारों का आरोप है कि लेखपाल आदर्श सिंह ने भूमि की पैमाइश कराने के लिए प्रत्येक पट्टेदार से पांच हजार रुपये की मांग की। इसके बाद सभी पीड़ितों ने उपजिलाधिकारी /तहसीलदार शाहगंज शाहगंज को शिकायत देकर मामले की जांच और पट्टे की भूमि की नियमानुसार पैमाइश कराने की मांग की है।फिलहाल मामले में प्रशासनिक स्तर से जांच के बाद ही आरोपों की वास्तविकता स्पष्ट हो सकेगी।
