August 17, 2026

Jaunpur news नागपंचमी पर दूध और लावा चढ़ाकर पूजे गये नागदेवता

Share

नागपंचमी पर दूध और लावा चढ़ाकर पूजे गये नागदेवता

मछलीशहर तहसील क्षेत्र के ग्रामीण इलाकों में सावन के तीसरे सोमवार को शिव मंदिरों में भारी भीड़ रही। सुजानगंज के गौरीशंकर मंदिर में श्रद्धालु भीगते हुए लाइन लगाकर बारी – बारी से दर्शन कर जलाभिषेक कर रहे थे।सोमवार की सुबह ही ग्रामीण इलाकों में महिलाओं ने घरों की साफ-सफाई की तथा अपने बच्चों के साथ धान का लावा और दूध लेकर पहले अपने घरों के आस- पास की बिलों के नजदीक प्रतीकात्मक रूप में नागदेवता को अर्पित किया तत्पश्चात सीवान में भी जाकर बिलों के आस – पास दूध और लावा चढ़ाया।इसके अलावा लोगों ने शिव मंदिरों में लावा – दूध, बेलपत्र, धतूरा,अक्षत और पुष्प अर्पित किया। सोमवार की सुबह से ही आसमान में बादल थे और रुक-रुक कर बारिश होती रही जिससे मौसम सुहावना बना रहा। बारिश के बावजूद शिव मंदिरों में भारी भीड़ देखी गई। नागपंचमी पर स्कूलों में छुट्टी नहीं थी, स्कूल खुले जरुर लेकिन स्कूलों में नागपंचमी के कारण बच्चों की उपस्थिति कम ही रही। ग्रामीण इलाकों में सपेरों ने घूम – घूम कर लोगों को नागदेवता के साक्षात दर्शन कराये ।घरों में नागपंचमी के अवसर पर विशेष व्यंजन बनाये थे। गांवों में इस पावन पर्व पर दंगल प्रतियोगिता भी आयोजित की गई।

About Author