Jaunpur news बदलापुर के कांवड़ियों पर हेलीकॉप्टर से होगी पुष्पवर्षा, मुख्यमंत्री ने दी सहमति
बदलापुर के कांवड़ियों पर हेलीकॉप्टर से होगी पुष्पवर्षा, मुख्यमंत्री ने दी सहमति
जौनपुर। सावन के पावन अवसर पर आयोजित होने वाली दो दिवसीय कांवड़ यात्रा इस बार खास और ऐतिहासिक होने जा रही है। बदलापुर क्षेत्र के कांवड़ियों के स्वागत में यात्रा मार्ग पर हेलीकॉप्टर से पुष्पवर्षा किए जाने को मुख्यमंत्री की सहमति मिल गई है।
यह कांवड़ यात्रा गोमती नदी के तट स्थित चौरेश्वर नाथ महादेव मंदिर, छंगापुर से शुरू होकर सई नदी के किनारे स्थित प्रसिद्ध करशूल नाथ धाम, कंधीकला तक जाएगी। यात्रा के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की उम्मीद है।
मुख्यमंत्री की सहमति के बाद श्रद्धालुओं में उत्साह का माहौल है। क्षेत्रवासियों ने इस निर्णय को धार्मिक आस्था और सनातन परंपरा के प्रति सम्मान से जोड़ते हुए मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया है।
यात्रा को लेकर प्रशासनिक स्तर पर भी तैयारियां तेज होने की संभावना है। कांवड़ियों की सुरक्षा, यातायात व्यवस्था और अन्य व्यवस्थाओं को लेकर संबंधित अधिकारियों द्वारा आवश्यक इंतजाम किए जाएंगे।
श्रद्धालुओं में इस आयोजन को लेकर खासा उत्साह है और हर तरफ “हर हर महादेव” के जयघोष की गूंज सुनाई देने की उम्मीद है।
