Jaunpur news विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस पर भावपूर्ण आयोजन, निकला मौन जुलूस
जौनपुर में विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस पर भावपूर्ण आयोजन, निकला मौन जुलूस
जौनपुर। भारत विभाजन के दौरान जान गंवाने वाले लोगों और विस्थापन का दर्द झेलने वाले परिवारों की स्मृति में शुक्रवार को जनपद में विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस मनाया गया। कार्यक्रम में इतिहास के उस त्रासद दौर को याद करते हुए राष्ट्रीय एकता, अखंडता और सामाजिक सौहार्द का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ राज्यसभा सांसद श्रीमती सीमा द्विवेदी और विधान परिषद सदस्य श्री बृजेश सिंह ‘प्रिंशु’ ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। संस्कृति मंत्रालय, भारत सरकार के निर्देशों के तहत विभाजन की घटनाओं पर आधारित प्रदर्शनी लगाई गई। प्रदर्शनी में वर्ष 1947 के दौरान हुए घटनाक्रम और विस्थापित लोगों की पीड़ा को चित्रों व अभिलेखों के माध्यम से प्रदर्शित किया गया।
कार्यक्रम में टीडी कॉलेज और बेसिक शिक्षा विभाग के छात्र-छात्राओं ने सामूहिक रूप से ‘वंदे मातरम्’ का गायन किया। इसके बाद राहुल पाठक, टीडी इंटर कॉलेज के विद्यार्थियों और एनसीसी कैडेट्स ने देशभक्ति से जुड़े सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए।
विभाजन के दौरान दिवंगत लोगों की स्मृति में उपस्थित लोगों ने दो मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि दी। सिंधी समाज से जुड़े स्वतंत्रता संग्राम सेनानी के परिजनों को पुस्तक भेंट कर सम्मानित भी किया गया।
कार्यक्रम के बाद जिलाधिकारी के नेतृत्व में मुख्य विकास अधिकारी, विभिन्न विभागों के अधिकारी, शिक्षक-शिक्षिकाएं और छात्र-छात्राओं ने प्रेक्षागृह से गांधी तिराहे तक मौन जुलूस एवं कैंडल मार्च निकाला। गांधी तिराहे पर पहुंचकर महात्मा गांधी की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर माल्यार्पण किया गया।
राज्यसभा सांसद सीमा द्विवेदी ने कहा कि विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस इतिहास के उस दर्दनाक अध्याय की याद दिलाता है, जिससे आने वाली पीढ़ियों को सीख लेनी चाहिए। उन्होंने देश की एकता, अखंडता, भाईचारे और सामाजिक सौहार्द को मजबूत करने पर जोर दिया।
विधान परिषद सदस्य बृजेश सिंह ‘प्रिंशु’ ने कहा कि विभाजन की त्रासदी को भुलाया नहीं जा सकता। ऐसे आयोजन युवाओं को इतिहास की वास्तविक परिस्थितियों से परिचित कराने के साथ ही राष्ट्रीय एकता और सामाजिक समरसता के प्रति जागरूक करते हैं।
कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष अजीत प्रजापति, महामंत्री पीयूष गुप्ता समेत जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी, शिक्षक, विद्यार्थी, एनसीसी कैडेट्स और बड़ी संख्या में आमजन मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन सलमान शेख ने किया।
तिरंगा उत्सव में दिखा देशभक्ति का उत्साह
विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस के बाद तिरंगा उत्सव का आयोजन किया गया। विद्यार्थियों और आमजन ने विभिन्न राष्ट्रभक्ति कार्यक्रमों में उत्साह के साथ भाग लिया। लोगों ने ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत घर-घर तिरंगा फहराने और राष्ट्रीय ध्वज के सम्मान को बनाए रखने का संकल्प लिया।
सरकारी योजनाओं से लाभार्थियों को मिला सहयोग
कार्यक्रम के दौरान उद्योग विभाग की विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को भी सहायता प्रदान की गई। विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजना के तहत श्रीमती प्रियंका सिंह को दर्जी किट के रूप में सिलाई मशीन दी गई।
वहीं मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना के अंतर्गत श्री शैलेन्द्र कुमार सिंह और श्री अलामदार हुसैन को 10-10 लाख रुपये के चेक प्रदान किए गए। मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान के तहत श्री राहुल यादव और श्रीमती तंजीम बानो को रोजगार स्थापना के लिए 5-5 लाख रुपये के चेक वितरित किए गए।
अधिकारियों ने युवाओं से स्वरोजगार और उद्यमिता को बढ़ावा देने वाली सरकारी योजनाओं का लाभ उठाकर आत्मनिर्भर बनने का आह्वान किया। पूरे कार्यक्रम के दौरान राष्ट्रीय एकता, अखंडता, भाईचारे और सामाजिक सौहार्द का संदेश प्रमुखता से दिया गया।
