August 12, 2026

Jaunpur news यू-डायस पर स्कूल चल रहे हैं, धरातल पर बंद हैं—सरकार हमारे स्कूलों की चोरी करना बंद करे”: डॉ. अनुराग मिश्र

Share

“यू-डायस पर स्कूल चल रहे हैं, धरातल पर बंद हैं—सरकार हमारे स्कूलों की चोरी करना बंद करे”: डॉ. अनुराग मिश्र

जौनपुर। आम आदमी पार्टी के पूर्वांचल प्रांत प्रभारी डॉ. अनुराग मिश्र ने उत्तर प्रदेश में सरकारी विद्यालयों की जमीनी स्थिति को लेकर योगी सरकार पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं। उन्होंने कहा कि ऑनलाइन यू-डायस (UDISE+) के रिकॉर्ड में विद्यालय संचालित दिखाई दे रहे हैं, जबकि धरातल पर कई विद्यालयों के संचालन को लेकर गंभीर सवाल सामने आ रहे हैं।

डॉ. अनुराग मिश्र ने कहा, “योगी सरकार ऑनलाइन यू-डायस पर स्कूल चला रही है, लेकिन धरातल पर स्कूल बंद हैं। इनकी संख्या एक या दो नहीं, हजारों में है। हम एक-एक स्कूल खोजकर आपके सामने रखेंगे। हमारे स्कूलों की चोरी करना बंद करें।”

उन्होंने कहा कि विकासखंड बक्शा, जौनपुर के पूर्व माध्यमिक विद्यालय चपरामऊ की जमीनी स्थिति भी इसी क्रम में जनता के सामने रखी जा रही है। सरकार को चाहिए कि यू-डायस के आंकड़ों और धरातल की वास्तविक स्थिति का पारदर्शी सत्यापन कराए तथा जहां भी अंतर मिले, वहां जिम्मेदारी तय करे।

डॉ. मिश्र ने कहा कि अदम गोंडवी की पंक्तियां आज की व्यवस्था पर सटीक बैठती हैं—

“तुम्हारी फाइलों में गाँव का मौसम गुलाबी है,
मगर ये आँकड़े झूठे हैं, ये दावा किताबी है।”

उन्होंने कहा, “योगी आदित्यनाथ जी, आप स्कूलों को चाहे आसमान में छुपाकर रखें या पाताल में, किसी गुफा या सुरंग में—हम उसे खोज निकालेंगे। एक-एक स्कूल की हकीकत जनता के सामने रखेंगे।”

डॉ. मिश्र ने कहा कि यह केवल राजनीतिक मुद्दा नहीं बल्कि बच्चों के भविष्य और उनके शिक्षा के अधिकार का सवाल है। सरकारी स्कूल कागजों और ऑनलाइन आंकड़ों में नहीं, बल्कि धरातल पर नियमित रूप से संचालित होने चाहिए।
“हमारे स्कूलों की चोरी करना बंद करें—बच्चों के भविष्य के साथ खिलवाड़ बंद करें।”

About Author