August 11, 2026

Jaunpur news ट्रेन की चपेट में आने से युवक की दर्दनाक मौत, परिवार में मचा कोहराम

Share

ट्रेन की चपेट में आने से युवक की दर्दनाक मौत, परिवार में मचा कोहराम

जौनपुर। जफराबाद क्षेत्र के इजरी गांव के पास मंगलवार को एक दर्दनाक हादसे में 22 वर्षीय युवक की ट्रेन की चपेट में आने से मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई। वहीं हादसे के बाद गांव में भी मातम का माहौल है।
जानकारी के अनुसार, जलालपुर क्षेत्र के रासीपुर गांव निवासी अनुज कुमार यादव (22) पुत्र स्वर्गीय शंकर यादव प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहा था। वह किसी जरूरी काम से जलालपुर बाजार जाने के लिए घर से निकला था।
बताया जा रहा है कि बाकराबाद और इजरी गांव के बीच रेलवे ट्रैक के समीप वह शौच के लिए गया था। इसी दौरान अचानक ट्रेन की चपेट में आ गया। हादसा इतना गंभीर था कि युवक की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही परिवार के लोग मौके पर पहुंचे। सूचना पाकर थाना प्रभारी सत्येंद्र विक्रम सिंह पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
अनुज की मौत की खबर मिलते ही परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। मृतक का बड़ा भाई अभिमय यादव बाराबंकी में उत्तर प्रदेश पुलिस में तैनात है। वहीं मां इंद्रावती देवी बेटे की मौत की खबर सुनकर बदहवास हैं। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
युवक की अचानक हुई मौत से पूरे रासीपुर गांव में शोक की लहर दौड़ गई। ग्रामीण भी घटना से स्तब्ध हैं और परिवार को ढांढस बंधाने के लिए उनके घर पहुंच रहे हैं।

About Author