Jaumpur news बरसठी समाधान दिवस में डीएम सैमुअल पॉल एन और एसएसपी कुँवर अनुपम सिंह ने सुनी फरियादें, आदर्श भोजनालय का किया उद्घाटन

Share

बरसठी समाधान दिवस में डीएम सैमुअल पॉल एन और एसएसपी कुँवर अनुपम सिंह ने सुनी फरियादें, आदर्श भोजनालय का किया उद्घाटन

भूमि विवादों के निस्तारण के लिए मौके पर भेजी गईं टीमें, थाने के विभिन्न कार्यालयों का भी किया निरीक्षण

बरसठी, जौनपुर । थाना बरसठी परिसर में आयोजित समाधान दिवस में जिलाधिकारी सैमुअल पॉल एन और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कुँवर अनुपम सिंह पहुंचे। अधिकारियों ने फरियादियों की समस्याएं सुनीं और विशेष रूप से भूमि विवाद से संबंधित मामलों की समीक्षा करते हुए उनके शीघ्र एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए।
समाधान दिवस के दौरान विभिन्न भूमि विवादों से संबंधित प्रकरणों का अधिकारियों ने अवलोकन किया। कई मामलों में मौके पर ही निस्तारण की कार्रवाई की गई, जबकि शेष मामलों के समाधान के लिए संबंधित राजस्व एवं पुलिस टीमों को मौके पर भेजने के निर्देश दिए गए।
पुलिसकर्मियों के लिए आदर्श भोजनालय का उद्घाटन
समाधान दिवस के अवसर पर जिलाधिकारी सैमुअल पॉल एन ने थाना परिसर में पुलिसकर्मियों के कल्याण की दृष्टि से नव निर्मित आदर्श भोजनालय कक्ष का उद्घाटन किया। इस दौरान वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कुँवर अनुपम सिंह सहित पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।
इस अवसर पर एसएसपी ने कहा कि पुलिसकर्मियों के वेलफेयर की दिशा में आदर्श भोजनालय महत्वपूर्ण पहल है। इससे थाने में तैनात पुलिसकर्मियों को भोजन आदि के संबंध में काफी सुविधा मिलेगी और उनके कार्य करने की परिस्थितियां बेहतर होंगी।
थाने का निरीक्षण कर दिए आवश्यक दिशा-निर्देश
डीएम और एसएसपी ने बरसठी थाने के विभिन्न कार्यालयों एवं व्यवस्थाओं का भी निरीक्षण किया। ग्रामीण क्षेत्र के इस थाने में मौजूद भूमि विवादों, अपराध एवं आपराधिक गतिविधियों की स्थिति की जानकारी ली गई। अधिकारियों ने अभिलेखों एवं संबंधित व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए पुलिस अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
एसएसपी कुँवर अनुपम सिंह ने बताया कि थाना दिवस की कार्यवाही के दौरान विभिन्न भूमि विवाद सामने आए हैं। कई मामलों का मौके पर ही समाधान किया गया, जबकि अन्य मामलों के निस्तारण के लिए टीमें भेजी गई हैं। उन्होंने कहा कि भूमि विवादों का समयबद्ध एवं निष्पक्ष निस्तारण पुलिस-प्रशासन की प्राथमिकता है।
इस दौरान उपजिलाधिकारी मड़ियाहूं नवीन कुमार, क्षेत्राधिकारी मड़ियाहूं विजय चौधरी, प्रभारी निरीक्षक बरसठी जयप्रकाश यादव, प्रभारी निरीक्षक क्राइम लक्ष्मण शर्मा, उपनिरीक्षक शैलेन्द्र दुबे और उपनिरीक्षक अम्ब्रीश कुमार सिंह उपनिरीक्षक अनिल यादव सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

About Author