Jaunpur news शादी का वादा कर बनाया संबंध, विरोध करने पर की मारपीट; जलालपुर पुलिस ने आरोपी को दबोचा
शादी का वादा कर बनाया संबंध, विरोध करने पर की मारपीट; जलालपुर पुलिस ने आरोपी को दबोचा
जौनपुर। जलालपुर थाना क्षेत्र में शादी का झांसा देकर युवती के साथ शारीरिक संबंध बनाने और बाद में मारपीट करने के आरोप में पुलिस ने एक युवक को गिरफ्तार किया है। पीड़िता की शिकायत पर दर्ज मुकदमे के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को हिरासत में ले लिया।
पुलिस के अनुसार, पीड़िता ने 5 अगस्त को थाना जलालपुर में तहरीर देकर आरोप लगाया था कि गांव का रहने वाला युवक लंबे समय से शादी का भरोसा देकर उसके साथ शारीरिक संबंध बनाता रहा। जब युवती ने विवाह की बात कही तो आरोपी ने कथित रूप से गाली-गलौज की और मारपीट कर धमकी भी दी।
शिकायत के आधार पर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू की। विवेचना महिला उपनिरीक्षक चिन्ता राय को सौंपी गई।
जांच के दौरान गुरुवार को पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर आरोपी विशाल चौधरी (25 वर्ष) निवासी नेवादा, थाना जलालपुर को जनहित स्कूल के पास से गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद आरोपी के विरुद्ध आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस का कहना है कि मामले की विवेचना जारी है और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
