Jaunpur news यातायात नियम तोड़ने वालों पर जौनपुर पुलिस का शिकंजा, 2260 वाहनों के चालान, 9 सीज

IMG-20261114-WA0096
Share


यातायात नियम तोड़ने वालों पर जौनपुर पुलिस का शिकंजा, 2260 वाहनों के चालान, 9 सीज
हरिहर पब्लिक स्कूल में 325 विद्यार्थियों को सड़क सुरक्षा का पाठ पढ़ाया, काली फिल्म लगे वाहनों पर भी हुई कार्रवाई
जौनपुर। यातायात नियमों के प्रति लोगों को जागरूक करने और सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से जौनपुर पुलिस ने यातायात माह नवंबर के तहत जागरूकता और प्रवर्तन अभियान तेज कर दिया है। इसी क्रम में हरिहर पब्लिक स्कूल, वाजिदपुर तिराहा में विशेष कार्यक्रम आयोजित कर करीब 325 छात्र-छात्राओं को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक किया गया। वहीं, नियमों की अनदेखी करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 2,260 वाहनों का चालान किया गया और नौ वाहनों को सीज किया गया।
पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में आयोजित इस कार्यक्रम में क्षेत्राधिकारी यातायात सुनील चन्द्र तिवारी और यातायात प्रभारी निरीक्षक मनोज कुमार पाण्डेय मौजूद रहे। अधिकारियों ने विद्यार्थियों को यातायात नियमों की जानकारी देते हुए बताया कि सड़क पर थोड़ी सी लापरवाही भी गंभीर हादसे का कारण बन सकती है। इसलिए वाहन चलाते समय नियमों का पालन करना बेहद जरूरी है।
कार्यक्रम को रोचक और प्रभावी बनाने के लिए विद्यालय में क्विज, भाषण, रंगोली, चित्रकला, पोस्टर निर्माण और नुक्कड़ नाटक जैसी प्रतियोगिताएं कराई गईं। विद्यार्थियों ने विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से हेलमेट, सीट बेल्ट और सड़क सुरक्षा के महत्व को समझा।
लाउडस्पीकर से लोगों को किया जागरूक
अभियान के दौरान पुलिस ने लाउडस्पीकर के जरिए भी आम नागरिकों को यातायात नियमों के प्रति सचेत किया। वाहन चालकों से दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट लगाने, चारपहिया वाहन में सीट बेल्ट का इस्तेमाल करने, बाइक पर तीन सवारी न बैठाने और निर्धारित गति सीमा का पालन करने की अपील की गई। इसके साथ ही वाहनों के शीशों पर काली फिल्म न लगाने की हिदायत दी गई। चेकिंग के दौरान काली फिल्म लगे वाहनों से मौके पर ही फिल्म हटवाई गई।
नियम तोड़ने वालों पर चला कार्रवाई का डंडा
जागरूकता अभियान के साथ ही पुलिस ने जिलेभर में सघन वाहन चेकिंग भी की। यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले कुल 2,260 वाहनों का चालान किया गया, जबकि नौ वाहनों को सीज कर दिया गया।
पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे यातायात नियमों को केवल कार्रवाई से बचने के लिए नहीं, बल्कि अपनी और दूसरों की सुरक्षा के लिए अपनाएं।