Jaunpur news बेखौफ बदमाशों ने वृद्ध को बनाया निशाना, मारपीट कर पांच हजार रुपये और मोबाइल लूटा

IMG-20261114-WA0095
Share

इशरत हुसैन की रिपोर्ट
जौनपुर में बेखौफ बदमाशों ने वृद्ध को बनाया निशाना, मारपीट कर पांच हजार रुपये और मोबाइल लूटा
लखनऊ से दवा लेकर लौट रहे बुजुर्ग को चांदमारी वाजिदपुर के पास घेरा, हमले के बाद झाड़ियों में धकेला; पुलिस की कार्रवाई पर भी उठे सवाल
जौनपुर। जिले के लाइन बाजार थाना क्षेत्र में बदमाशों ने एक बुजुर्ग के साथ मारपीट कर लूट की वारदात को अंजाम दिया। लखनऊ से दवा लेकर लौट रहे करीब 60 वर्षीय वृद्ध को तीन अज्ञात हमलावरों ने रास्ते में घेर लिया और बेरहमी से पीटने के बाद उनके पास मौजूद पांच हजार रुपये और मोबाइल फोन छीनकर फरार हो गए। घटना के बाद घायल बुजुर्ग को किसी तरह अस्पताल पहुंचाया गया।
जानकारी के अनुसार, मड़ियाहूं कोतवाली क्षेत्र के सुदनीपुर गांव निवासी श्रीराम यादव शुक्रवार की रात करीब 9:30 बजे शटल एक्सप्रेस ट्रेन से जौनपुर सिटी स्टेशन पर उतरे थे। बताया जा रहा है कि वह स्टेशन से अपने भतीजे के घर जा रहे थे। इसी दौरान चांदमारी वाजिदपुर के पास सुनसान रास्ते पर तीन अज्ञात लोगों ने उन्हें रोक लिया।
आरोप है कि तीनों बदमाशों ने वृद्ध पर हमला कर दिया। अचानक हुए हमले से घबराए श्रीराम यादव ने मदद के लिए शोर मचाया, लेकिन सुनसान जगह होने के कारण उनकी आवाज सुनने वाला कोई नहीं था। हमलावरों ने मारपीट करने के बाद उनके पास रखे पांच हजार रुपये और मोबाइल फोन छीन लिए। इसके बाद उन्हें सड़क किनारे झाड़ियों में धकेलकर मौके से भाग निकले।
कुछ समय बाद घायल वृद्ध ने हिम्मत जुटाई और किसी तरह अपने भतीजे के घर पहुंचे। परिजनों को घटना की जानकारी देने के बाद तत्काल डायल 112 पर सूचना दी गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को जिला अस्पताल ले गई।
हालांकि, पीड़ित पक्ष का आरोप है कि अस्पताल पहुंचाने के बाद न तो उनका चिकित्सकीय परीक्षण कराया गया और न ही घटना के संबंध में प्राथमिकी दर्ज की गई। इसको लेकर पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े हो रहे हैं।
फिलहाल तीन अज्ञात हमलावरों द्वारा बुजुर्ग के साथ मारपीट और लूट की इस घटना से इलाके में असुरक्षा का माहौल है। पीड़ित को न्याय मिलने और आरोपियों की पहचान कर कार्रवाई किए जाने की मांग की जा रही है।