Jaunpur news परिवहन विभाग की बड़ी कार्रवाई, 3 स्कूल बसें और 6 ओवरलोड ट्रक सीज, बिना परमिट बसों पर भी गिरी गाज

IMG-20260731-WA0054
Share


जौनपुर में परिवहन विभाग की बड़ी कार्रवाई, 3 स्कूल बसें और 6 ओवरलोड ट्रक सीज, बिना परमिट बसों पर भी गिरी गाज

जौनपुर। जिलाधिकारी के निर्देश पर शुक्रवार को परिवहन विभाग ने जनपद में स्कूली वाहनों और व्यावसायिक वाहनों के खिलाफ विशेष जांच अभियान चलाया। अभियान के दौरान नियमों की अनदेखी करने वाले कई वाहनों पर कड़ी कार्रवाई की गई, जिससे वाहन संचालकों में हड़कंप मच गया।

सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन) सत्येंद्र कुमार सिंह के नेतृत्व में चलाए गए अभियान में दस्तावेजों की जांच के दौरान आवश्यक अभिलेख अधूरे पाए जाने पर 3 स्कूल बसों को सीज कर दिया गया, जबकि 5 अन्य स्कूल वाहनों का चालान किया गया। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा और किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

अभियान के दौरान ओवरलोडिंग और बिना वैध परमिट के संचालन पर भी सख्ती दिखाई गई। जांच में 6 ओवरलोड ट्रकों के साथ-साथ बिना परमिट चल रही 2 बसों को भी पकड़कर संबंधित थाने में सीज कर दिया गया।

एआरटीओ (प्रवर्तन) ने जिले के सभी स्कूल प्रबंधकों और प्रधानाचार्यों से अपील की कि विद्यालयों में संचालित सभी वाहनों के फिटनेस प्रमाणपत्र, परमिट, बीमा तथा अन्य आवश्यक दस्तावेज समय पर अपडेट कराए जाएं। साथ ही अभिभावकों से भी कहा गया कि वे अपने बच्चों को ले जाने वाले वाहनों की सुरक्षा व्यवस्था और वैध दस्तावेजों की जानकारी अवश्य रखें।

परिवहन विभाग ने चेतावनी दी है कि पुलिस और यातायात विभाग के साथ संयुक्त रूप से चलाया जा रहा यह विशेष अभियान आगे भी जारी रहेगा। बिना फिटनेस, बिना परमिट या सुरक्षा मानकों का उल्लंघन करने वाले स्कूल वाहनों और संबंधित विद्यालयों के खिलाफ भी नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी।