Jaunpur news नाबालिग छात्रा को जबरन गाड़ी में बैठाने का प्रयास, पॉक्सो एक्ट में मुकदमा दर्ज
नाबालिग छात्रा को जबरन गाड़ी में बैठाने का प्रयास, पॉक्सो एक्ट में मुकदमा दर्ज
बोलेरो सवार युवकों ने दुपट्टा खींचा, दी जान से मारने की धमकी
जौनपुर (मड़ियाहूं ) स्थानीय थाना क्षेत्र में 13 जुलाई को स्कूल जा रही नाबालिग छात्रा के साथ छेड़छाड़ और जबरन गाड़ी में बैठाने का प्रयास करने के मामले में पुलिस ने पॉक्सो एक्ट समेत गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। एसपी के हस्तक्षेप के बाद मामला पंजीकृत हुआ।
जानकारी के अनुसार मड़ियाहूं थाना क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली नाबालिग छात्रा 13 जुलाई की सुबह बेलवा बाजार के पास स्थित विद्यालय पढ़ने जा रही थी। रास्ते में बोलेरो सवार दो युवकों ने उसे रोका और जबरन गाड़ी में बैठाने का प्रयास किया। विरोध करने पर आरोपियों ने छात्रा का दुपट्टा खींचा और उसके साथ अश्लील हरकतें करने लगे।
छात्रा के शोर मचाने पर आरोपी उसे जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए। घर पहुंचकर छात्रा ने पूरी घटना परिजनों को बताई।
पीड़िता के चाचा ने मड़ियाहूं थाने में तहरीर देते हुए बताया कि आरोपियों ने धमकी दी थी कि यदि किसी को बताया तो जान से मार देंगे। तहरीर के आधार पर पुलिस ने पॉक्सो एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मड़ियाहूं थाना प्रभारी ने बताया कि छात्रा के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। आरोपियों की पहचान कर उनकी तलाश की जा रही है। जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
