Jaunpur news जौहर विश्वविद्यालय के ध्वस्त करने से रोकने की मांग

Share

जौहर विश्वविद्यालय के ध्वस्त करने से रोकने की मांग

जौनपुर

जौहर विश्वविद्यालय के 38 भवनों को ध्वस्त करने की प्रस्तावित कार्रवाई पर तत्काल रोक लगाने की मांग ज़िला महासचिव आरिफ हबीब एवं समाजवादी अल्पसंख्यक सभा, उत्तर प्रदेश के प्रदेश सचिव डॉ. गयासुद्दीन प्रधान के नेतृत्व में आज महामहिम राज्यपाल, उत्तर प्रदेश को संबोधित एक ज्ञापन जिलाधिकारी जौनपुर के माध्यम से सौंपा गया। ज्ञापन में मोहम्मद अली जौहर विश्वविद्यालय, रामपुर के 38 भवनों को ध्वस्त किए जाने की प्रस्तावित कार्रवाई पर तत्काल रोक लगाने तथा पूरे प्रकरण की निष्पक्ष एवं विधिसम्मत जांच कर न्यायोचित समाधान सुनिश्चित करने की मांग की गई।
ज़िला महासचिव आरिफ हबीब एवं डॉ. गयासुद्दीन प्रधान ने कहा कि जौहर विश्वविद्यालय हजारों विद्यार्थियों, शिक्षकों, कर्मचारियों तथा स्थानीय नागरिकों के भविष्य से जुड़ा एक महत्वपूर्ण शैक्षणिक संस्थान है। किसी भी प्रकार की प्रशासनिक अथवा कानूनी कार्रवाई संविधान एवं विधि के अनुरूप तथा शिक्षा एवं छात्रहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए की जानी चाहिए। ज्ञापन में कहा गया कि यदि विश्वविद्यालय के निर्माण अथवा भूमि से संबंधित कोई विवाद है, तो उसका समाधान न्यायिक एवं विधिक प्रक्रिया के माध्यम से किया जाए, न कि ऐसे कदम उठाए जाएं जिनसे विद्यार्थियों की शिक्षा प्रभावित हो और समाज में असुरक्षा का वातावरण बने।
प्रतिनिधिमंडल ने ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया कि विश्वविद्यालय के निर्माण के समय संबंधित क्षेत्र ग्राम पंचायत के अंतर्गत था तथा उस समय लागू नियमों के अनुसार निर्माण की अनुमति की आवश्यकता नहीं थी। साथ ही संबंधित क्षेत्र बाद में रामपुर विकास प्राधिकरण की सीमा में शामिल किया गया। ऐसे में वर्तमान कार्रवाई तथ्यों एवं विधिक पहलुओं की समुचित समीक्षा किए बिना की जा रही प्रतीत होती है।
समाजवादी अल्पसंख्यक सभा ने महामहिम राज्यपाल से मांग की कि जनहित एवं छात्रहित को ध्यान में रखते हुए प्रस्तावित ध्वस्तीकरण की कार्रवाई पर तत्काल रोक लगाई जाए तथा निष्पक्ष जांच के बाद ही कोई निर्णय लिया जाए, जिससे विद्यार्थियों का भविष्य सुरक्षित रह सके।
ज्ञापन सौंपने के दौरान समाजवादी अल्पसंख्यक सभा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष अनवारूल हक गुड्डू पूर्व प्रदेश सचिव कलीम अहमद, राष्ट्रीय सचिव मौलाना अनवार क़ासमी, प्रदेश सचिव डॉ शबनम नाज़, सदर विधानसभा क्षेत्र के महासचिव, कमाल आज़मी, पूर्व राष्ट्रीय सचिव मोहम्मद अरशद कुरैशी, राष्ट्रीय सचिव लोहिया वाहिनी एवं सभासद अलमास सिद्दिकी, पूर्व सभासद मोहम्मद फ़ैज़ी, शहनवाज़ अहमद सभासद, मोहम्मद साबिर उर्फ राजा नवाब, मोहम्मद आसिफ, सरताज बानो आदि पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

About Author