Jaunpur news दीक्षांत समारोह के अवसर पर स्ववित्त पोषित शिक्षक संघ ने कुलाधिपति को सौंपा ज्ञापन, सभी मांगों पर हुई सकारात्मक वार्ता
दीक्षांत समारोह के अवसर पर स्ववित्त पोषित शिक्षक संघ ने कुलाधिपति को सौंपा ज्ञापन, सभी मांगों पर हुई सकारात्मक वार्ता
जौनपुर। वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह के अवसर पर वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय स्ववित्त पोषित शिक्षक संघ, जौनपुर के प्रतिनिधिमंडल ने माननीय कुलाधिपति एवं राज्यपाल, उत्तर प्रदेश से भेंट कर स्ववित्त पोषित शिक्षकों एवं उच्च शिक्षा व्यवस्था से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत ज्ञापन सौंपा।
प्रतिनिधिमंडल ने स्ववित्त पोषित योजना अंतर्गत कार्यरत पूर्णकालिक शिक्षकों को शोध निर्देशन का अधिकार प्रदान करने, फर्जी नेट प्रमाणपत्रों की जांच कर दोषियों के विरुद्ध कठोर विधिक कार्रवाई सुनिश्चित करने, स्ववित्त पोषित शिक्षकों को विश्वविद्यालय की वैधानिक समितियों में प्रतिनिधित्व देने तथा राज्य विश्वविद्यालयों एवं संबद्ध महाविद्यालयों में कार्यरत शिक्षकों का सत्यापित विवरण समर्थ पोर्टल पर अनिवार्य रूप से अपलोड कराने सहित विभिन्न मांगें प्रमुखता से रखीं।
प्रतिनिधिमंडल और माननीय कुलाधिपति के बीच सभी बिंदुओं पर सकारात्मक एवं सार्थक चर्चा हुई। कुलाधिपति महोदय ने प्रस्तुत विषयों को गंभीरता से सुना तथा नियमानुसार आवश्यक परीक्षण एवं उचित कार्यवाही का आश्वासन दिया।
प्रतिनिधिमंडल में उत्तर प्रदेश स्ववित्त पोषित शिक्षक संघ के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. विजय प्रताप तिवारी, वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय स्ववित्त पोषित शिक्षक संघ के अध्यक्ष डॉ. सुशील कुमार मिश्र, महासचिव डॉ. संतोष कुमार पांडेय, उपाध्यक्ष डॉ. परुली सिंह, कनिष्ठ उपाध्यक्ष डॉ. बलराम प्रसाद यादव तथा मीडिया प्रभारी डॉ. रविंद्र कुमार तिवारी शामिल रहे।
प्रतिनिधिमंडल ने विश्वास व्यक्त किया कि माननीय कुलाधिपति के स्तर से आवश्यक निर्देश जारी होने पर प्रदेश के हजारों स्ववित्त पोषित शिक्षकों की वर्षों पुरानी समस्याओं के समाधान की दिशा में सकारात्मक पहल होगी तथा उच्च शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता एवं गुणवत्ता को और अधिक सुदृढ़ किया जा सकेगा। उक्त जानकारी मीडिया प्रभारी डॉ० रविंद्र कुमार तिवारी ने दी।
